संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संभावित विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा कारणों को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने पांच मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक यात्रियों के लिए बंद रखने का फैसला किया है। हालांकि, कुछ प्रमुख स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी।
Service Update
Due to Security reason, Janpath, Rajiv Chowk, Patel Chowk, Central Secretariat and Seva Teerth metro stations have been closed till further instructions.
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) July 20, 2026
ये पांच मेट्रो स्टेशन फिलहाल बंद
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट अगले निर्देश तक बंद रहेगी।
इनमें राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट दिल्ली मेट्रो के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल हैं। राजीव चौक राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र कनॉट प्लेस को जोड़ता है, जबकि सेंट्रल सेक्रेटेरिएट से इंडिया गेट और आसपास के सरकारी कार्यालयों तक बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।
इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी
DMRC ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन बंद होने के बावजूद राजीव चौक और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर ट्रेन बदलने (इंटरचेंज) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। राजीव चौक पर यात्री ब्लू लाइन और येलो लाइन के बीच इंटरचेंज कर सकेंगे। इसी तरह सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशन पर भी विभिन्न मेट्रो लाइनों के बीच ट्रेन बदलने की सुविधा जारी रहेगी। हालांकि, इन स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और निकास की अनुमति नहीं होगी।
सुरक्षा के मद्देनजर उठाए गए कदम
राजधानी में संसद के मानसून सत्र के साथ कई विरोध-प्रदर्शन प्रस्तावित हैं। इसी स्थिति को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रस्तावित प्रदर्शन के लिए पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। सुरक्षा कराणों से 5 हजार सैनिक भी तैनात किए गए हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले DMRC द्वारा जारी ताजा अपडेट जरूर जांच लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Read More

