Union Minister Chirag Paswan Amritsar Visit: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान रविवार को गुरु नगरी अमृतसर पहुंचे। यहां उन्होंने सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु घर का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने सिर पर दस्तार सजाकर देश की खुशहाली, पंजाब की तरक्की और सरबत के भले की अरदास की।
‘मैं यहां गुरुओं का आशीर्वाद लेने आया हूं’
श्री हरिमंदिर साहिब में दर्शन करने के बाद मीडिया से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा कि जब भी उन्हें यहां आने का अवसर मिलता है, उन्हें आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें पहले से अधिक ऊर्जा की जरूरत है, क्योंकि उनकी पार्टी पूरे देश में संगठन विस्तार के अभियान पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “मैं यहां गुरुओं का आशीर्वाद लेने आया हूं।”
पंजाब में पार्टी विस्तार पर दिया जोर
चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की सोच थी कि पार्टी का संगठन देशभर में मजबूत हो। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए लोक जनशक्ति पार्टी विभिन्न राज्यों में अपने संगठन का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब भी इस अभियान का अहम हिस्सा होगा और यहां पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जाएगा।
पिता के सपने को आगे बढ़ाने की बात
मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता की सोच थी कि लोक जनशक्ति पार्टी का विस्तार पंजाब में भी हो। इसी उद्देश्य के साथ पार्टी राज्य में संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में पंजाब में भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराएगी।
Read More:

