UGC NET 2026: यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने बड़ी राहत दी है। एनटीए ने परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख एक दिन बढ़ा दी है। अब वे अभ्यर्थी आज यानी 1 नवंबर 2026 की रात 11:50 बजे तक फीस का भुगतान कर सकते हैं, जिन्होंने निर्धारित समय के भीतर अपना आवेदन फॉर्म जमा कर दिया था, लेकिन किसी वजह से फीस नहीं भर पाए।
9 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने किया आवेदन
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 परीक्षा के लिए 9 लाख से अधिक अभ्यर्थी आवेदन फॉर्म भर चुके हैं। इनमें से 1 लाख से ज्यादा उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन्होंने तकनीकी समस्या या अन्य कारणों से अभी तक परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया है। ऐसे अभ्यर्थियों को ध्यान में रखते हुए एनटीए ने केवल फीस भुगतान के लिए अतिरिक्त एक दिन का समय दिया है।
सिर्फ पहले से भरे फॉर्म वालों को मिलेगा मौका
एनटीए की ओर से दी गई यह राहत केवल उन उम्मीदवारों के लिए है, जिन्होंने 31 अक्टूबर 2026 तक यूजीसी नेट का आवेदन फॉर्म जमा कर दिया था। जिनका आवेदन पहले ही पूरा हो चुका है और केवल पेमेंट लंबित था, वे अब शुल्क जमा कर सकते हैं। नए उम्मीदवार इस अतिरिक्त समय में रजिस्ट्रेशन नहीं कर सकेंगे।

नए रजिस्ट्रेशन और दस्तावेज अपलोड की विंडो बंद
एनटीए ने साफ किया है कि केवल ‘फीस पेमेंट’ की समय सीमा बढ़ाई गई है। नए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया और आवेदन में फोटो, हस्ताक्षर तथा अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की सुविधा 31 अक्टूबर 2026 को ही बंद हो चुकी है। इसलिए जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन फॉर्म ही जमा नहीं किया है, वे इस अतिरिक्त समय का लाभ नहीं उठा पाएंगे।
आज रात कितने बजे तक करें फीस का भुगतान
एनटीए के ताजा अपडेट के अनुसार, यूजीसी नेट दिसंबर 2026 के लिए आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम समय सीमा अब 1 नवंबर 2026 की रात 11:50 बजे तक है। जिन उम्मीदवारों का ट्रांजैक्शन फेल हो गया था या किसी अन्य तकनीकी समस्या के कारण भुगतान नहीं हो सका, वे आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर जाकर अपना फीस भुगतान पूरा कर सकते हैं।
पेमेंट के बाद कंफर्मेशन पेज जरूर डाउनलोड करें
फीस का भुगतान सफल होने के बाद उम्मीदवारों को अपना अंतिम कंफर्मेशन पेज डाउनलोड या प्रिंट करके सुरक्षित रखना चाहिए। केवल फीस जमा कर देना आवेदन प्रक्रिया पूरी होने की गारंटी नहीं है। भविष्य में आवेदन से जुड़े किसी विवाद या एडमिट कार्ड जारी होने के समय यह कंफर्मेशन पेज महत्वपूर्ण दस्तावेज के तौर पर काम आ सकता है।
आखिरी समय का इंतजार न करने की सलाह
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे रात 11:50 बजे तक इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द फीस जमा कर दें। अंतिम समय में सर्वर डाउन, बैंक सर्वर या किसी अन्य तकनीकी समस्या के कारण परेशानी हो सकती है। किसी भी तकनीकी सहायता के लिए एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और टोल-फ्री नंबर 1800 180 4747 जारी किए हैं।
आधिकारिक वेबसाइट पर देखें ताजा अपडेट
यूजीसी नेट दिसंबर 2026 रजिस्ट्रेशन और फीस भुगतान से जुड़े सभी आधिकारिक अपडेट उम्मीदवार एनटीए की वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर देख सकते हैं। यूजीसी नेट देशभर में सहायक प्रोफेसर और जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) के लिए आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है।
Read More:

