नवरात्रि शुरू होते ही गरबा और डांडिया की धूम देखने को मिलने लगती है। गरबा नाइट्स(Trending News) में शामिल होने के लिए लोग खास तैयारियां करते हैं लेकिन कई ऐसे लोग भी हैं जो डांस करना चाहते हैं और उनके पास कोई पार्टनर नहीं होता। इसी समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर एक मजेदार पोस्ट वायरल हो रही है।
इस पोस्ट में मजाकिया अंदाज में ‘रेंट गरबा पार्टनर’ की सर्विस बताई गई है। खास बात यह है कि इसमें सिर्फ गरबा खेलने का ऑफर नहीं है, बल्कि अलग-अलग कीमतों पर कई तरह की सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
1000 रुपये से शुरू हैं पैकेज
वायरल पोस्ट में तीन पैकेज बताए गए हैं सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम। सबसे सस्ता सिल्वर पैकेज 1000 रुपये का है। इसमें दो घंटे गरबा, मैचिंग कपड़े, बेसिक डांस स्टेप्स और सेल्फी जैसी चीजें शामिल बताई गई हैं। 1500 रुपये के गोल्ड पैकेज में चार घंटे गरबा खेलने के साथ मैचिंग आउटफिट, रील्स और इंस्टाग्राम के लिए फोटो का विकल्प दिया गया है।
इसमें पार्टनर के दोस्तों को मजाकिया अंदाज में ‘भाई-भाभी’ कहने की सुविधा भी बताई गई है। वहीं, 2000 रुपये वाले प्लैटिनम पैकेज में पूरे दिन गरबा, डांस मूव्स, दुपट्टा और झुमके संभालने जैसी सुविधाओं के साथ कार्यक्रम खत्म होने के बाद घर तक छोड़ने की बात कही गई है।
यूजर्स ने भी लिए खूब मजे
पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर जमकर मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। किसी ने पैकेज में शादी जोड़ने की बात कही, तो किसी ने 2000 रुपये में पूरे दिन की सुविधा को ‘ऑफर’ बता दिया। कुछ यूजर्स ने सिर्फ डांस स्टेप्स सीखने की इच्छा जताई, जबकि कुछ ने पैकेज में खाना जोड़ने का सुझाव दिया।
कई लोगों ने इसे सिंगल लोगों के लिए नवरात्रि की मजेदार स्कीम बताया और अपने दोस्तों को टैग भी किया। हालांकि, यह पोस्ट मजाकिया सोशल मीडिया कंटेंट के तौर पर सामने आई है, इसलिए इसे वास्तविक किराए की सेवा मानने से पहले इसकी पुष्टि जरूरी है।