पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) चंडीगढ़ के छात्र संघ चुनाव में मतगणना के शुरुआती रुझानों में BJP के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उम्मीदवार अंकित ने जीत हासिल की है। रुझानों के मुताबिक ABVP पहले स्थान पर, आम आदमी पार्टी के छात्र संगठन का उम्मीदवार दूसरे और कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI का उम्मीदवार तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़े 8 कॉलेजों में से अब तक 4 कॉलेजों के नतीजे घोषित हो चुके हैं। सेक्टर-10 स्थित DAV कॉलेज में HSA के दीपांशु प्रधान चुने गए हैं। PG Government College for Girls, सेक्टर-42 में वनिका चौधरी ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की है। गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म (GGDSD) कॉलेज में SDCU, NSUI और HIMSU गठबंधन के उम्मीदवार अभिराज सिंह ने अध्यक्ष पद का चुनाव जीता। वहीं सेक्टर-26 स्थित खालसा कॉलेज में CSF के नवजोत सिंह प्रधान चुने गए हैं।
वोटिंग के दौरान लॉ डिपार्टमेंट के बाहर हंगामा
छात्र संघ चुनाव के लिए सुबह करीब 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक मतदान हुआ। इसी दौरान पंजाब यूनिवर्सिटी के लॉ डिपार्टमेंट के बाहर छात्रों ने हंगामा कर दिया। कई छात्रों के गेट पर धक्का देने और अंदर जाने की कोशिश करने के बाद पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी एक छात्र को पकड़कर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। हंगामे के बाद पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लिया।
वोटिंग समय को लेकर छात्रों ने उठाए सवाल
छात्रों का आरोप था कि मतदान का निर्धारित समय दोपहर 12 बजे तक था, लेकिन लॉ डिपार्टमेंट का गेट करीब 10 बजे ही बंद कर दिया गया। छात्रों का कहना था कि इससे लाइन में खड़े कई छात्र मतदान नहीं कर पाए। हंगामे के बीच पुलिस जब मतपेटी को वहां से ले जाने लगी तो छात्रों ने इसका विरोध किया और मतपेटी बाहर ले जाने से रोक दिया। इसके बाद छात्र मौके पर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को समझाने और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
Read More
दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम को पीटने का आरोप, CM रेखा गुप्ता के निर्देश पर स्कूल सील करने की कार्रवाई