राजधानी दिल्ली के मौजपुर इलाके के एक प्ले स्कूल में बच्चे के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के शिक्षकों और स्टाफ ने मासूम को कुर्सी से बांधकर पीटा। मामले का संज्ञान लेते हुए दिल्ली सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश के बाद संबंधित प्ले स्कूल को सील करने की प्रशासनिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कुर्सी से बांधकर पीटने का आरोप
आरोप है कि स्कूल में बच्चे को कुर्सी से बांधा गया और उसके साथ मारपीट की गई। बच्चे को कान पकड़कर घसीटने और लात मारकर कुर्सी से गिराने के आरोप भी लगाए गए हैं। घटना की शिकायत बच्चे के पिता ने पुलिस से की, जिसके बाद पुलिस टीम स्कूल पहुंची और परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ली। पुलिस ने बच्चे का जीटीबी अस्पताल में मेडिकल कराया। इसके बाद उसकी काउंसिलिंग भी कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जांच की निगरानी कर रहे हैं।
स्कूल और टॉयलेट जाने से घबराता था बच्चा – पिता
बच्चे के पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनका बच्चा स्कूल जाने और टॉयलेट जाने से घबराने लगा था। उसके कान में भी दर्द था और वह रात में ठीक से सो नहीं पा रहा था। परिवार बच्चे को ईएनटी डॉक्टर के पास लेकर गया। जांच के दौरान डॉक्टर ने बच्चे के दोनों कान के पर्दों पर सूजन होने की बात बताई। परिवार के अनुसार, डॉक्टर ने पिटाई की वजह से कान में सूजन होने की आशंका जताई।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे के साथ स्कूल परिसर में क्या हुआ और घटना में कौन-कौन लोग शामिल थे।
दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिलाधिकारी ने स्कूल परिसर को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। परिवार ने भी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
Read More
खुदरा दुकानों पर एसिड की बिक्री पर पूरी तरह लग सकता है प्रतिबंध? सुप्रीम कोर्ट ने मांगा जवाब


[…] दिल्ली के प्ले स्कूल में मासूम को पीटन… […]