पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरदासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल ब्रांच और थाना बहरामपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने दीनानगर के सीमावर्ती इलाके में कार्रवाई करते हुए 2 किलो 184 ग्राम हेरोइन, एक अवैध पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 20 वर्षीय निशान सिंह उर्फ सोनू, निवासी गांव मलूकचक्क के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। हेरोइन चार पैकेटों में बरामद हुई। इसके अलावा आरोपी के पास से बेरट्टा मार्का .30 बोर की पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
पुलिस को देखकर खेतों की ओर भागे संदिग्ध
SSP आदित्य के अनुसार, पुलिस टीम दीनानगर के सीमावर्ती क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को दो संदिग्ध युवक पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही दोनों ने भागने की कोशिश की। एक आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गया, जबकि पुलिस ने घेराबंदी कर निशान सिंह उर्फ सोनू को पकड़ लिया। यह कार्रवाई डीएसपी दीनानगर राजिंदर सिंह मन्हास की मौजूदगी में की गई। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हेरोइन और अवैध हथियार बरामद हुए।
ड्रोन के जरिए सीमा पार से मंगाई थी खेप
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि हेरोइन और हथियारों की यह खेप ड्रोन के जरिए सीमा पार से पाकिस्तानी तस्करों से मंगाई गई थी। इस खुलासे के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सीमा पार से आई इस खेप को किसके जरिए और कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही फरार आरोपी की भूमिका और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
NDPS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
मामले में थाना बहरामपुर में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान पुलिस हेरोइन और हथियारों की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जानकारी जुटाएगी।
Read More
‘हमके गोरखपुर स्पेन लागेला हो…’, रवि किशन का बयान फिर हुआ वायरल


[…] गुरदासपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, … […]