Indian Airlines Big Decision: अमेरिका-ईरान के बीच दोहा में शांति पर बातचीत को लेकर पॉजिटिव रिस्पांस मिलने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। ब्रेंट क्रूड 1% से अधिक टूटकर 72.40 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि WTI क्रूड 0.83% की गिरावट के साथ 70.16 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। इसका सीधा असर भारतीय विमानन क्षेत्र पर भी देखने को मिल रहा है।
एयरलाइंस ने बदला जून का फैसला
मिडिल ईस्ट में बढ़े तनाव के कारण जून में एयर इंडिया और इंडिगो समेत कई भारतीय एयरलाइंस ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती की थी। अब हालात ठीक होने और तेल की कीमतों में कमी के बाद कंपनियां अपने उसी फैसले को वापस लेने की तैयारी कर रही हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जुलाई-अगस्त में बढ़ेंगी उड़ानें
एविएशन एनालिटिक्स फर्म OAG के अनुसार, जुलाई में भारत से हर हफ्ते करीब 15,633 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें चलने का अनुमान है, जबकि जून में यह संख्या 14,473 थी। इसके अलावा अगस्त में सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़कर लगभग 17,048 तक पहुंच सकती है। इससे विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए ज्यादा रास्ते मौजूद होंगे।
एयर इंडिया सबसे तेजी से बढ़ाएगी सेवाएं
अनुमानों के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने में एयर इंडिया सबसे आगे रह सकती है। जुलाई में कंपनी की इंटरनेशनल फ्लाइट्स पिछले महीने की तुलना में 34.5% तक बढ़ सकती हैं, जबकि अगस्त में इनमें 16.5% की और वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।
CEO ने रखी यह शर्त
कंपनी के CEO कैंपबेल विल्सन ने कहा है कि मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने की वजह से अगर उनके एयरस्पेस पर लगाए गए प्रतिबंध को हटा दिया जाए और विमान ईंधन (ATF) के दाम में भी कमी आए, तो हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में की गई 27% की कटौती और घरेलू उड़ानों में की गई 22% कटौती को वापस लिया जा सकता है।
बढ़ने की तैयारी में स्पाइसजेट
स्पाइसजेट भी अपने इंटरनेशनल नेटवर्क को तेजी से बढ़ाने की योजना बना रही है। अनुमान है कि जुलाई में उसकी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या 48.1% और अगस्त में 63.7% तक बढ़ सकती है। वहीं, देश की दो प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस इंडिगो और एयर इंडिया फिलहाल संतुलित रणनीति अपनाते हुए हर महीने अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में लगभग 1% से 2% तक की बढ़ोतरी कर सकती हैं।
Read More:

