Diwali-Chhath Special Trains: दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ महापर्व के दौरान घर जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। त्योहारों में ट्रेनों पर बढ़ने वाली भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए पश्चिम मध्य रेल (WCR) ने 100 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन सेवाएं चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों से जबलपुर, कटनी, सतना, रीवा, भोपाल समेत मध्य प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा। बिहार, दिल्ली और उत्तराखंड जाने वालों के लिए भी अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी।
जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन स्पेशल
जबलपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 01707/01708 चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 01707 प्रत्येक शनिवार, 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक, रात 8:20 बजे जबलपुर से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:25 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01708 प्रत्येक रविवार, 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक, दोपहर 3:45 बजे निजामुद्दीन से चलेगी और अगले दिन सुबह 9:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी।
जबलपुर-हरिद्वार स्पेशल से उत्तराखंड का सफर
जबलपुर-हरिद्वार स्पेशल ट्रेन 22 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच 5-5 फेरों में संचालित होगी। यह ट्रेन कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और रुड़की होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। इससे उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।
बिहार के लिए दानापुर स्पेशल ट्रेनें
दिवाली और छठ पर बिहार जाने वालों के लिए रानी कमलापति (भोपाल) और सोगरिया (कोटा) से दानापुर (पटना) के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। रानी कमलापति-दानापुर द्वि-साप्ताहिक स्पेशल के कुल 22 फेरे निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन नर्मदापुरम, इटारसी, पिपरिया, गाडरवारा, नरसिंहपुर, जबलपुर, सिहोरा रोड, कटनी, मैहर और सतना होते हुए दानापुर पहुंचेगी।
सोगरिया-दानापुर स्पेशल के 12 फेरे
सोगरिया-दानापुर साप्ताहिक स्पेशल के कुल 12 फेरे होंगे। ट्रेन गुना, अशोक नगर, सागर, दमोह, कटनी, मैहर और सतना के रास्ते दानापुर जाएगी। इससे राजस्थान और मध्य प्रदेश के रास्ते बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
रीवा-भोपाल सुपरफास्ट स्पेशल
मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ने के लिए रीवा-रानी कमलापति सुपरफास्ट स्पेशल भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन अक्टूबर और नवंबर में 4 फेरे लगाएगी। रास्ते में सतना, मैहर, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, बीना और विदिशा में इसका ठहराव होगा।
रीवा से इंदौर के लिए पूजा स्पेशल
रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर (इंदौर) साप्ताहिक पूजा स्पेशल ट्रेन रीवा से इंदौर के बीच चलेगी। इसका मार्ग सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया, इटारसी, रानी कमलापति और भोपाल से होकर जाएगा।
कटनी-सतना अनारक्षित स्पेशल रोज चलेगी
स्थानीय यात्रियों की सुविधा के लिए कटनी-सतना अनारक्षित स्पेशल 10 से 22 अक्टूबर तक रोजाना चलेगी। यह ट्रेन कटनी से सुबह 5:45 बजे रवाना होकर सुबह 8:45 बजे सतना पहुंचेगी। वापसी में सतना से शाम 6:30 बजे चलकर रात 8:50 बजे कटनी पहुंचेगी।
टिकट और ट्रेन की जानकारी ऐसे लें
पश्चिम मध्य रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की पुष्टि जरूर करें। आरक्षित टिकट रेलवे के कंप्यूटरीकृत आरक्षण काउंटरों या IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं। ट्रेन की रियल-टाइम स्थिति और अन्य जानकारी के लिए NTES ऐप, enquiry.indianrail.gov.in या रेल मदद हेल्पलाइन 139 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
Read More:
दिल्ली प्रदर्शन पर UN की टिप्पणी से नाराज भारत, विदेश मंत्रालय बोला- यह आंतरिक मामलों में दखल

