चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली(Delhi SIR) और महाराष्ट्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल जारी कर दिया गया है। इस प्रक्रिया के तहत दिल्ली में लगभग 47.7 लाख और महाराष्ट्र में करीब 2.07 करोड़ मतदाताओं के नाम फिलहाल इस शुरुआती ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं किए गए हैं। हालांकि, नागरिकों को इसे लेकर घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है क्योंकि यह अंतिम सूची नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक, घर-घर जाकर किए गए सत्यापन और डिजिटल रिकॉर्ड के आधार पर इन नामों को हटाया गया है। दिल्ली में कुल 1.45 करोड़ रजिस्टर्ड वोटर हैं जिनमें से 97.5 लाख लोगों का सत्यापन हो चुका है। बाकी बचे नामों में वे लोग शामिल हैं जो अब उस पते पर नहीं रहते, जिनकी मृत्यु हो चुकी है जिनके नाम दो जगह दर्ज हैं (डुप्लीकेट), या जो अनुपस्थित पाए गए हैं। इसी तरह महाराष्ट्र में भी लगभग 34 लाख मृत और 17 लाख डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं, जिनके फॉर्म जमा नहीं हो सके थे।
ड्राफ्ट लिस्ट में नाम न हो तो क्या करें?
यदि किसी वैध मतदाता का नाम इस ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो निराश होने की जरूरत नहीं है। चुनाव आयोग ने इसके लिए सुधार का पूरा मौका दिया है। नागरिक 31 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक अपने दावे या आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
अगर आपका नाम छूट गया है तो आप फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। गलत प्रविष्टि पर आपत्ति भी दर्ज कराई जा सकती है।
कब आएगी अंतिम मतदाता सूची ?
सभी आपत्तियों और नए आवेदनों की गहन जांच के बाद अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दिल्ली के लिए फाइनल वोटर लिस्ट 4 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। इसलिए जिन योग्य नागरिकों के नाम अभी इस ड्राफ्ट में नहीं हैं, वे तय समय सीमा के भीतर आवेदन करके अपना नाम फाइनल लिस्ट में शामिल करवा सकते हैं।
[…] दिल्ली और महाराष्ट्र में SIR का ड्राफ्ट … […]