HomeBreaking Newsआज से दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर CM योगी, BJP के बूथ...

आज से दो दिवसीय गोरखपुर दौरे पर CM योगी, BJP के बूथ अध्यक्षों का करेंगे मार्गदर्शन, क्या रहेगा कल का कार्यक्रम?

CM Yogi Adityanath Gorakhpur Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंचेंगे। दौरे के पहले दिन उनका फोकस संगठनात्मक कार्यक्रमों पर रहेगा। वह तारामंडल स्थित योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ बूथ अध्यक्षों को चुनावी रणनीति, संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान को लेकर मार्गदर्शन देंगे।

892 बूथ अध्यक्ष होंगे शामिल

मुख्यमंत्री बुधवार सुबह एनेक्सी भवन परिसर पहुंचेंगे, जहां से वह बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित शहर और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस सम्मेलन में दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 892 बूथ अध्यक्ष भाग लेंगे। मुख्यमंत्री संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जरुरी दिशा-निर्देश देंगे।

जलभराव वाले इलाकों का कर सकते हैं निरीक्षण

सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री के उन क्षेत्रों का निरीक्षण करने की भी संभावना है, जहां हाल की भारी बारिश के दौरान जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस दौरान वह मौके पर हालात का जायजा लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दे सकते हैं।

दूसरे दिन विकास परियोजनाओं की सौगात

दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे पहले गोरखनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद वह जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनेंगे और अधिकारियों को उनके तुरंत समाधान के निर्देश देंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री देवरिया बाईपास पहुंचेंगे, जहां वह करीब 995 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान वह जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

6-लेन फ्लाईओवर समेत चार परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री 813.52 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इनमें गोरखपुर का पहला अत्याधुनिक सिक्सलेन फ्लाईओवर प्रमुख होगा। इसके अलावा 181.77 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

महिला छात्रावास की भी रखेंगे आधारशिला

मुख्यमंत्री इसी कार्यक्रम में कामकाजी महिलाओं के लिए ‘मुख्यमंत्री श्रमजीवी महिला छात्रावास योजना’ के तहत चरगांवा के खुटहन में बनने वाले 500 बेडेड श्रमजीवी महिला छात्रावास का भी शिलान्यास करेंगे। महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से 6640 वर्ग मीटर भूमि पर बनने वाले इस छात्रावास के निर्माण पर 47.38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह परियोजना कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

Read More:

फिलीपींस दौरे पर आज रवाना होंगे विदेश मंत्री एस. जयशंकर, आसियान और क्वाड बैठकों में होंगे शामिल

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments