HomeBreaking Newsग्वालियर में खौफनाक वारदात! पत्नी की हत्या कर रातभर शव के पास...

ग्वालियर में खौफनाक वारदात! पत्नी की हत्या कर रातभर शव के पास सोया SSB जवान, सुबह बेटी ने खोला राज

मध्य प्रदेश के ग्वालियर(Gwalior) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां SSB में तैनात एक जवान पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पत्नी के मोबाइल पर किसी से बातचीत करने को लेकर पति को शक था। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की गला घोंटकर जान ले ली। इसके बाद उसने हत्या को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की लेकिन 12 साल की बेटी ने अपने मामा को पूरी घटना बता दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ज्ञान सिंह SSB में सिपाही है और जम्मू-कश्मीर में तैनात था। वह 27 अक्टूबर को करवाचौथ के मौके पर छुट्टी लेकर ग्वालियर आया था। यहां वह मुरार थाना क्षेत्र के खुरैरी गांव में पत्नी रिंकी और बच्चों के साथ रहता था। बताया गया कि रविवार को पत्नी के मोबाइल पर किसी से बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। पति को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बात करने का शक था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर रिंकी का गला घोंट दिया। उस समय घर में उनके 14 वर्षीय बेटे और 12 वर्षीय बेटी भी मौजूद थे।

हत्या के बाद शव के पास ही सोता रहा आरोपी

आरोप है कि पत्नी की हत्या करने के बाद ज्ञान सिंह ने शव को बेडरूम में रखा और उसी कमरे में पूरी रात सोता रहा। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे वह शव को गाड़ी में रखकर भिंड जिले के छौंदा गांव ले गया। वहां उसने ससुराल पक्ष को फोन करके बताया कि रिंकी की मौत हार्ट अटैक से हुई है।

जब मायके पक्ष के लोग वहां पहुंचे तो उन्होंने रिंकी के शरीर और घुटनों पर चोट के निशान देखे। इस पर उन्हें मौत की वजह को लेकर संदेह हुआ। आरोप है कि सवालों से घिरने पर ज्ञान सिंह ने अपनी सर्विस पिस्टल दिखाकर ससुराल वालों को धमकाया। उसने बेटी को भी किसी को कुछ बताने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

बेटी की हिम्मत से सामने आया हत्या का सच

पिता की धमकी के बावजूद 12 साल की प्रियांशी ने अपने मामा सचिन जाटव को फोन करके पूरी घटना बता दी। उसने बताया कि मोबाइल पर बातचीत को लेकर पिता ने मां से झगड़ा किया था और उनका गला घोंट दिया था। बेटी की जानकारी मिलने के बाद हार्ट अटैक की कहानी पर सवाल उठने लगे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिजन सोमवार देर रात रिंकी का शव ग्वालियर लेकर पहुंचे और मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी गोविंद बल्लभ बगोली के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस बच्चों और परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज कर रही है। इस घटना से परिवार के दो बच्चों की जिंदगी पर गहरा असर पड़ा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें : वकील से सांसद और फायर फाइटर तक…कौन हैं सुहास सुब्रह्मण्यम? जिन्होंने…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments