HomeBreaking Newsदिल्ली में आज AAP PAC की अहम बैठक, पंजाब विधानसभा चुनाव के...

दिल्ली में आज AAP PAC की अहम बैठक, पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी होगी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

Punjab Assembly Elections 2027: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी शनिवार यानी 31 अक्टूबर को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी की शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के कई नामों पर चर्चा हो चुकी है और कुछ नाम तय भी किए गए हैं।

सुबह 11 बजे होगी PAC की बैठक

दिल्ली में आज आम आदमी पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति यानी PAC की अहम बैठक होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे होगी, जिसमें उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री मान के मुताबिक, बैठक के बाद करीब दोपहर 12 बजे तक पहली सूची जारी की जा सकती है।

दिल्ली में हुई थी शुरुआती चर्चा

इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली में AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया के बीच बैठक हुई थी। पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों और चुनावी तैयारियों पर चर्चा हुई।

उम्मीदवारों के चयन में क्या रहेगा आधार?

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि उम्मीदवारों के चयन में लोगों की प्रतिक्रिया और मौजूदा विधायकों के कामकाज से जुड़े सर्वे को भी ध्यान में रखा गया है। उन्होंने कहा कि टिकट देने का फैसला प्रदर्शन और जनता के फीडबैक के आधार पर किया जाएगा। पार्टी की कोशिश ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की है जिन्हें क्षेत्र में जनता का समर्थन प्राप्त हो।

पंजाब की सभी 117 सीटों पर होगा चुनाव

पंजाब विधानसभा में कुल 117 सीटें हैं और 2027 में इन्हीं सीटों पर चुनाव होना है। मौजूदा विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 16 मार्च 2027 को समाप्त होगा। चुनाव आयोग ने अभी मतदान कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, जबकि चुनाव फरवरी-मार्च के आसपास होने की उम्मीद है।

सरकार की योजनाओं पर रहेगा जोर

2022 में भगवंत मान बदलाव के वादे के साथ चुनाव मैदान में उतरे थे। अब 2027 के चुनाव में पार्टी अपने पांच साल के कामकाज को आधार बनाकर जनता के बीच जाएगी। सरकार की प्रमुख योजनाओं में 300 यूनिट मुफ्त बिजली, गांव-गांव में आम आदमी क्लिनिक और महिलाओं को सीधे 1000 से 1500 रुपये की वित्तीय सहायता जैसी योजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं का ग्रामीण इलाकों और गरीब तबके में असर होने की बात कही गई है। मुफ्त बिजली योजना का लाभ भी राज्य के बड़े हिस्से को मिला है।

आज की सूची पर टिकी नजर

अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली PAC की बैठक पर हैं। बैठक में नामों को अंतिम मंजूरी मिलने के बाद AAP अपनी पहली उम्मीदवार सूची जारी करेगी। पहली सूची से यह भी स्पष्ट होगा कि पार्टी किन विधानसभा क्षेत्रों में अपने मौजूदा विधायकों या अन्य नेताओं को मौका देती है।

Read More:

NVS-03 की सफल लॉन्चिंग पर PM मोदी ने ISRO को दी बधाई, बोले- मजबूत होगा भारत का अपना नेविगेशन सिस्टम

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments