हर महीने बिजली, पानी, गैस या दूसरे जरूरी बिलों का भुगतान करने के लिए अलग-अलग ऐप इस्तेमाल करना पड़ता है। अब यह काम आसान हो सकता है। WhatsApp ने भारत में Bill Payments(WhatsApp Pay) फीचर शुरू किया है। इसकी मदद से यूजर्स WhatsApp के अंदर ही कई तरह के बिल देख सकेंगे और उनका भुगतान भी कर पाएंगे। यानी बिल जमा करने के लिए बार-बार किसी दूसरे ऐप पर जाने की जरूरत नहीं होगी।
WhatsApp का यह फीचर Bharat Connect (BBPS) नेटवर्क के जरिए काम करता है। इसके तहत यूजर्स को करीब 30 कैटेगरी में 22,722 बिलर्स तक पहुंच मिल सकती है। इनमें बिजली, पानी, गैस, FASTag, इंश्योरेंस, क्रेडिट कार्ड और लोन जैसी सेवाओं के बिल शामिल हैं। यह सुविधा WhatsApp की मौजूदा पेमेंट सर्विस को भी विस्तार देती है। इससे पहले WhatsApp पर मोबाइल रिचार्ज और दूसरी डिजिटल पेमेंट सुविधाएं उपलब्ध थीं।
कैसे करें WhatsApp से बिल का भुगतान?
सबसे पहले WhatsApp खोलें और होम स्क्रीन पर दिखाई देने वाले रुपये के आइकन पर टैप करें। इसके बाद जिस तरह का बिल भरना है उसकी कैटेगरी और संबंधित बिलर चुनें। अब मांगी गई ग्राहक या अकाउंट से जुड़ी जानकारी दर्ज करें।
जानकारी कन्फर्म करने के बाद बिल की राशि स्क्रीन पर दिखाई देगी। भुगतान से पहले रकम और बिल की डिटेल जांच लें। इसके बाद उपलब्ध विकल्पों के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा।
एक ही जगह संभाल सकेंगे कई बिल
इस फीचर में Household Bills Summary का विकल्प भी दिया गया है। यहां पहले भुगतान किए गए बिलर्स दिखाई दे सकते हैं, जिससे अगली बार उन्हें आसानी से खोला जा सकेगा। एक ही बिलर के कई अकाउंट भी मैनेज किए जा सकते हैं।
धीरे-धीरे होगा फीचर का रोलआउट
फिलहाल यह सुविधा सभी WhatsApp यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं है। कंपनी इसे भारत में चरणबद्ध तरीके से जारी कर रही है। आने वाले हफ्तों में Android और iOS के अधिक यूजर्स को यह फीचर मिल सकता है।