गोरखपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi) ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का कार्यक्रम रखा। इस दौरान अलग-अलग जिलों से पहुंचे करीब 200 लोगों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। योगी ने सभी की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को उनके जल्द व संवेदनशील तरीके से समाधान के निर्देश दिए। CM योगी ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव लोगों की समस्याएं दूर करने के लिए प्रतिबद्ध है और पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
इलाज और आर्थिक मदद को लेकर दिए निर्देश
जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि पैसे की कमी के कारण किसी जरूरतमंद का इलाज नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से मरीजों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक खर्च का एस्टीमेट जल्द तैयार कराने को कहा, ताकि सरकार की ओर से समय पर आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जा सके।
भू-माफिया और दबंगों पर सख्त कार्रवाई
जमीन पर कब्जे और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सभी शिकायतों को संबंधित अधिकारियों तक भेजते हुए उनके त्वरित और संतोषजनक निस्तारण पर जोर दिया गया। पारिवारिक विवादों के मामलों में CM योगी ने संबंधित पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान की कोशिश करने के निर्देश दिए।
गोशाला में की गोसेवा
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में गोसेवा भी की। उन्होंने गायों को गुड़ और पूड़ी खिलाई। इस दौरान CM योगी ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाएगा।