Vaibhav Sooryavanshi Out of India u19: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारत की अंडर-19 टीम का ऐलान हो गया है। 15 सदस्यीय टीम में आर्यवीर सहवाग और अन्वय द्रविड़ को जगह मिली है, लेकिन 15 वर्षीय सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का नाम नहीं है। उनके चयन न होने की वजह खराब फॉर्म या फिटनेस नहीं, बल्कि BCCI का एक खास नियम है। जिसके बारे में हम आपको बताएंगे।
क्या है BCCI का वो नियम?
साल 2016 में लागू किए गए BCCI के नियम के मुताबिक कोई भी खिलाड़ी अपने पूरे करियर में सिर्फ एक बार अंडर-19 विश्व कप खेल सकता है। वैभव सूर्यवंशी 2026 का अंडर-19 विश्व कप खेल चुके हैं। ऐसे में वह दोबारा इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकते। इसी वजह से बोर्ड ने आगामी सीरीज में नए खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया है।
2018 में वाशिंगटन सुंदर भी रहे थे बाहर
वैभव सूर्यवंशी के चयन पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि वह मौजूदा समय में खराब फॉर्म या फिटनेस की समस्या से नहीं जूझ रहे हैं। BCCI के इसी नियम के चलते 2018 में वाशिंगटन सुंदर भी अंडर-19 टीम से बाहर रहे थे।
अब सीनियर स्तर पर नजर आएंगे सूर्यवंशी
अंडर-19 टीम में जगह नहीं मिलने के बाद सूर्यवंशी अब सीनियर स्तर पर नजर आ सकते हैं। वह 13 सितंबर से नई दिल्ली में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 सीरीज का हिस्सा बन सकते हैं।
एशियाई खेलों के लिए भी हुआ चयन
सूर्यवंशी का चयन एशियाई खेल 2026 के लिए भी हुआ है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। एशियाई खेल 19 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच जापान के ऐची-नागोया में खेले जाएंगे। सूर्यवंशी फिलहाल इस प्रतियोगिता की तैयारी में जुटे हैं।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राजकोट में वनडे
भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच वनडे सीरीज के मुकाबले राजकोट में खेले जाएंगे। तीन मैच 18, 21 और 23 सितंबर को होंगे। इस सीरीज में लक्ष्य रायचंदानी कप्तान और यशवर्धन चौहान उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।
राजकोट और अहमदाबाद में होंगे टेस्ट
दोनों टीमों के बीच दो चार दिवसीय टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। पहला मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में और दूसरा 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद में होगा। टेस्ट सीरीज में यशवर्धन चौहान कप्तान और लक्ष्य रायचंदानी उपकप्तान होंगे।
Read More:
जेल में आतंकी अफताब अंसारी के पास मिला स्मार्टफोन, छापे में Wi-Fi डिवाइस और ₹31 हजार बरामद

