लुधियाना में पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी जूतों की दुकान चलाने की आड़ में शहर की गतिविधियों पर नजर रखता था और पाकिस्तान में बैठे लोगों तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी की दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरों की लाइव फीड तक पाकिस्तान में बैठे लोगों की पहुंच थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कैमरों के जरिए किन इलाकों की निगरानी की जा रही थी और इसका एक्सेस किन लोगों के पास था।
गुरदासपुर से लुधियाना आया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रछपाल सिंह के रूप में हुई है। वह गुरदासपुर के गांव सर्फ कोट का रहने वाला है। उसने लुधियाना के फिरोजपुर रोड स्थित न्यू सुंदर नगर में मेडवेज अस्पताल के सामने एक दुकान किराये पर ले रखी थी, जहां वह जूते बेचता था। पुलिस का आरोप है कि इसी दुकान को उसने अपनी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया।
CCTV कैमरों से शहर पर रखता था नजर
जांच के मुताबिक, रछपाल ने दुकान के बाहर CCTV कैमरे लगाए थे। इन कैमरों की लाइव निगरानी पाकिस्तान में बैठे लोगों द्वारा की जा रही थी। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि CCTV का एक्सेस पाकिस्तान में किसे दिया गया था, कैमरों से कौन-कौन से संवेदनशील इलाके देखे जा रहे थे और वहां से किस तरह की जानकारी भेजी जा रही थी।
सैन्य गतिविधियों की जानकारी भेजने का भी शक
पुलिस को आशंका है कि आरोपी सिर्फ सामान्य गतिविधियों की जानकारी तक सीमित नहीं था। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या उसके जरिए सैन्य गतिविधियों और अन्य संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तान तक पहुंचाई गईं। इसके अलावा आरोपी पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से धमकियां देने का भी आरोप है। पुलिस इन नंबरों और कथित जासूसी नेटवर्क के बीच संबंध की जांच कर रही है।
गुप्त सूचना के बाद पुलिस ने पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, थाना सराभा नगर के सब इंस्पेक्टर अर्शदीप सिंह को गश्त के दौरान आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रछपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ 27 अगस्त को मामला दर्ज किया गया है। अब जांच एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, CCTV सिस्टम, संपर्कों और पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर्स के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
Read More
रुपये की स्थिति पर बोले RBI के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन, डॉलर के मुकाबले सुधार, घबराने की जरूरत नहीं…