Kolkata Hotel Taiba Fire: कोलकाता के फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल ताइबा में मंगलवार देर रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। छह अन्य लोग घायल हुए हैं। आग लगने के समय होटल में ज्यादातर लोग सो रहे थे और कुछ ही देर में पूरे परिसर में धुआं फैल गया।
धुएं में दम घुटने से मौत
पुलिस के मुताबिक, आग के बाद होटल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। धुआं इतना ज्यादा था कि कई लोग इसकी चपेट में आ गए। बचाव दल ने होटल से 28 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें कोलकाता के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
नौ लोगों को अस्पताल में मृत घोषित किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू अभियान के दौरान होटल के भीतर फंसे कई लोगों को बाहर निकाला। नौ लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ताजा रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। छह अन्य लोगों का इलाज चल रहा है।
मृतकों में मेघालय और अलीपुरद्वार के लोग भी शामिल
पुलिस की जानकारी के अनुसार, मृतकों में मेघालय और पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के रहने वाले लोग भी शामिल हैं। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
इलाज कराने कोलकाता आए थे बांग्लादेशी
इस हादसे की सबसे अहम जानकारी यह सामने आई है कि मृतकों में कुछ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल हैं। बताया गया है कि वे मेडिकल इलाज के सिलसिले में कोलकाता आए थे और होटल ताइबा में ठहरे हुए थे। अचानक लगी आग ने उनकी जान ले ली।
इलाज के लिए बड़ी संख्या में आते हैं पड़ोसी देशों के लोग
कोलकाता लंबे समय से मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए आने वाले पड़ोसी देशों के नागरिकों का प्रमुख केंद्र रहा है। शहर के मध्य हिस्से में बड़ी संख्या में बजट होटल और गेस्टहाउस मौजूद हैं, जहां इलाज कराने आने वाले मरीज और उनके परिजन ठहरते हैं।
फ्री स्कूल स्ट्रीट का इलाका विदेशी यात्रियों में लोकप्रिय
फ्री स्कूल स्ट्रीट और इसके आसपास का इलाका विदेशी यात्रियों के साथ-साथ बजट होटल कारोबार के लिए भी जाना जाता है। इसी क्षेत्र में स्थित होटल ताइबा में मंगलवार रात हुआ हादसा अब सुरक्षा व्यवस्था और होटल में आग से बचाव के इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
Read More:
पंचकूला में भारी बारिश का कहर! खटौली नदी का पुल टूटा, पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल भी बहा, युवक लापता

