Strait of Hormuz: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज को लेकर बड़ा दावा करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक मैप शेयर किया है। इसमें होर्मुज को अमेरिका का नया इलाका बताया गया है। डोनाल्ड ट्रंप के इस दावे से ईरान और अमेरिका के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ गया है। ईरान का कहना है कि जब तक अमेरिका उसकी कई मांगें पूरी नहीं करता, तब तक यह जरुरी समुद्री रास्ता बंद रहेगा।
ट्रंप ने नक्शे के साथ क्या कहा?
ट्रंप ने नक्शा जारी करते हुए दावा किया कि होर्मुज पर अमेरिका का पूरा नियंत्रण है। यह संकरा समुद्री मार्ग फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है और दुनिया में ऊर्जा की ढुलाई के लिए बेहद अहम माना जाता है। इस रास्ते पर आवाजाही को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच पहले से तनाव बना हुआ है।

फरवरी के हमले के बाद बंद है रास्ता
ईरान ने फरवरी के अंतिम दिनों में इजरायली-अमेरिकी हमले के बाद होर्मुज को बंद कर दिया था। इसके बाद से इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई है। ईरान ने साफ कहा है कि अमेरिका को उसकी मांगें माननी होंगी, तभी होमुर्ज को दोबारा खोला जाएगा।
समझौते पर ट्रंप ने क्या कहा?
ईरान के साथ बातचीत को लेकर ट्रंप ने कहा कि तेहरान वॉशिंगटन के साथ समझौता करना चाहता है, लेकिन वह उस तरह की डील के लिए तैयार नहीं है जिसे अमेरिका जरूरी मानता है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए तय 60 दिन का समय भी पूरा हो चुका है। सोमवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “वे डील करना चाहते हैं, लेकिन वे वैसी डील नहीं करेंगे, जैसी मुझे जरूरी लगती है।”
परमाणु हथियार पर ट्रंप की सख्त चेतावनी
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने बातचीत की मौजूदा स्थिति के बारे में कोई बड़ी जानकारी नहीं दी है। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अमेरिका का लक्ष्य है। ट्रंप ने कहा, “आप समझते हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं हो सकते और उनके पास परमाणु हथियार नहीं होंगे। यह बहुत आसान है। वे परमाणु युद्ध नहीं कर सकते।”
IRGC ने ट्रंप के दावे को किया खारिज
ईरान के IRGC ने ट्रंप के उस दावे को खारिज कर दिया कि वॉशिंगटन और IRGC के बीच बातचीत के लिए कोई बैकचैनल मौजूद है। अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी को दिए इंटरव्यू में IRGC के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने ट्रंप के दावे को भ्रम बताया।
अमेरिका से बातचीत नहीं कर रहा ईरान
मोहेब्बी ने कहा कि IRGC अधिकारियों और अमेरिकियों के बीच कोई बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने यह भी साफ किया कि ईरान का राजनयिक तंत्र फिलहाल अमेरिका के साथ बातचीत नहीं कर रहा, क्योंकि वॉशिंगटन ने अपने वादे तोड़े हैं। ऐसे में होर्मुज पर ट्रंप के नए दावे के बाद दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ने के संकेत हैं।
Read More:

