Weather Update: देश के कई हिस्सों में मानसून एक्टिव है। IMD ने 18 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार समेत 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी से मूसलाधार बारिश के साथ आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर बिजली गिरने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बताया गया है।
दिल्ली में सुबह-दोपहर बारिश के आसार
दिल्ली में 18 अगस्त को हल्की बारिश की संभावना है। सुबह कई इलाकों में बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम साफ हो सकता है, जबकि दोपहर में फिर बारिश होने का अनुमान है। शाम तक मौसम में सुधार की उम्मीद है, हालांकि दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। उमस के बीच बारिश से राजधानी के लोगों को राहत मिल सकती है। पंजाब के चंडीगढ़, लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश का अनुमान है। निचले इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यूपी के 11 जिलों में चेतावनी
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, अयोध्या, आगरा, अलीगढ़, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, कानपुर, लखनऊ, झांसी और वाराणसी समेत कई जिलों में बारिश की चेतावनी है। लखनऊ में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है। हवाओं की रफ्तार करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है।
बिहार-MP में तेज बारिश का खतरा
बिहार में पटना समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है। कुछ क्षेत्रों में हवाएं 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में भी भारी बारिश का अलर्ट है। अनूपपुर, जबलपुर, मंडला, सागर, सीधी, उमरिया समेत 14 जिलों में कुछ स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका है।
राजस्थान-छत्तीसगढ़ में भी बारिश
राजस्थान के फलौदी, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर और जयपुर समेत कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा और सरगुजा समेत कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
उत्तराखंड-हिमाचल में लैंडस्लाइड का खतरा
उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, चमोली, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका है। लगातार बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
बंगाल में 65 KM की रफ्तार से हवाएं
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। तटीय और गंगा के मैदानी इलाकों में हवाओं की रफ्तार 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। IMD ने खराब मौसम के दौरान मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
इन राज्यों में भी बारिश का अनुमान
18 अगस्त को छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश की संभावना है। झारखंड के कई हिस्सों में तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान है। किसानों को बारिश के दौरान खाद और कीटनाशक का इस्तेमाल नहीं करने और तैयार फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
Read More:

