राजस्थान(Rajasthan) के झालावाड़ जिले में शनिवार, 15 अगस्त की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। दुर्घटना सारोला क्षेत्र में पातला पीर दरगाह के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, कुछ जायरीन दरगाह पर दर्शन करने के बाद देर शाम पैदल अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे लोगों से जा टकराई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बारिश हो रही थी। सड़क पर ढलान होने के कारण वहां फिसलन की स्थिति बन गई थी। इसी वजह से बस के बेकाबू होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
चार लोगों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। इनमें रामगंजमंडी निवासी हामीद को तत्काल खानपुर अस्पताल ले जाया गया लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद अन्य गंभीर रूप से घायल लोगों को झालावाड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। यहां इलाज के दौरान रेहान, अल्फेज और तालिब ने भी दम तोड़ दिया।
दो घायलों का चल रहा इलाज
हादसे में घायल एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है जिसे बेहतर उपचार के लिए कोटा रेफर किया गया है। वहीं, एक अन्य घायल का इलाज झालावाड़ के जिला अस्पताल में जारी है। परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर गहरा दुख है।
इलाके में छाया मातम
घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया। हादसे ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।