हापुड़(Hapur) के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव की कुरैशियान मस्जिद में शुक्रवार को उस समय हलचल मच गई, जब सुरक्षा एजेंसी की टीम ने दो युवकों को हिरासत में लिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक से मस्जिद पहुंचे थे। उन्होंने बाइक बाहर खड़ी की और इसके बाद मस्जिद के अंदर चले गए। कुछ समय बाद ATS की टीम वहां पहुंची और दोनों को अपने साथ ले गई। मस्जिद इंतजामिया कमेटी के मुताबिक, दोनों युवक स्थानीय निवासी नहीं बताए जा रहे हैं।
पुलिस की जांच जारी
वे बिना किसी परिचय के मस्जिद पहुंचे थे। हिरासत में लेने के बाद सुरक्षा एजेंसी उनसे पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस उनकी पहचान, मस्जिद पहुंचने के उद्देश्य और उनकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाने पर है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोनों युवकों के खिलाफ कोई आपत्तिजनक तथ्य सामने आया है या नहीं। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।
CCTV नहीं होने से भी उठे सवाल
मामले में मस्जिद में CCTV कैमरे नहीं लगे होने की बात भी जांच के दायरे में है। बताया गया है कि शेरपुर गांव की अन्य दो मस्जिदों में कैमरे लगे हैं जबकि कुरैशियान मस्जिद में CCTV नहीं लगाया गया। जानकारी के मुताबिक, यहां कैमरे लगाने के लिए दो बार दान भी दिया गया था लेकिन इसके बावजूद कैमरे नहीं लगाए गए।
सुरक्षा एजेंसी अब मस्जिद से जुड़े इस पहलू समेत अन्य संभावित बिंदुओं की भी पड़ताल कर रही है। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट होने की उम्मीद है।