HomeBreaking Newsप्रंचड रूप में आया मानसून! दिल्ली-NCR समेत 18 राज्यों में 48 घंटे...

प्रंचड रूप में आया मानसून! दिल्ली-NCR समेत 18 राज्यों में 48 घंटे तक बारिश और तूफान का अलर्ट, IMD की चेतावनी जारी

Weather Update: देशभर में मानसून एक्टिव हो चुका है और अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से बेहद अहम रहने वाले हैं। IMD ने दिल्ली-एनसीआर समेत 18 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और नदियों के जलस्तर बढ़ने, जबकि मैदानी क्षेत्रों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और फसलों को नुकसान की आशंका जताई गई है। वहीं स्काईमेट ने भी महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है। समुद्री इलाकों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

IMD का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लेकर उत्तर-पश्चिम राजस्थान तक फैली मानसूनी ट्रफ, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और एक्टिव मानसूनी हवाएं देश के बड़े हिस्से में लगातार बारिश को बढ़ावा दे रही हैं। इसी वजह से उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में अगले दो दिनों तक मौसम का असर बना रहने की संभावना है।

18 राज्यों में अलर्ट जारी

IMD ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, असम, मेघालय, महाराष्ट्र और केरल में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई स्थानों पर बिजली गिरने और ओले पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

दिल्ली-NCR का क्या रहेगा हाल?

दिल्ली-NCR में 10 जुलाई को भारी बारिश, गरज-चमक और 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान 33 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका है। लोगों को यात्रा न करने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

UP का हाल

प्रदेश में मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, कानपुर, बांदा, बिजनौर, पीलीभीत, बरेली, बहराइच, सीतापुर, बलरामपुर, कुशीनगर, हरदोई, अयोध्या, उन्नाव, सुल्तानपुर, अमेठी और आजमगढ़ समेत कई जिलों में भारी बारिश और 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तेज हवाओं का अलर्ट है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार-झारखंड और पश्चिम बंगाल

बिहार के गया, पटना, चंपारण, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, कटिहार और किशनगंज में भारी बारिश व वज्रपात का खतरा है। झारखंड के रांची समेत कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिम बंगाल के दक्षिण और उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश, तेज आंधी और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की चेतावनी जारी की गई है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश और पंजाब-हरियाणा

राजस्थान के पूर्वी जिलों के साथ जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश में सागर, इंदौर, उज्जैन, रीवा, ग्वालियर और कई दूसरे जिलों में लो प्रेशर एरिया के कारण भारी बारिश का अलर्ट है। पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में भी तेज आंधी और बारिश से बिजली आपूर्ति और ट्रैफिक प्रभावित हो सकता है।

पहाड़ी राज्यों में खतरा

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, बादल फटने और नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका जताई गई है। चारधाम यात्रा मार्गों और पहाड़ी सड़कों पर ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में भी भारी वर्षा की संभावना है। केरल के कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। तटीय इलाकों में 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने के कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र

मुंबई, पुणे, रत्नागिरी और कोंकण क्षेत्र में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बीएमसी के अनुसार, बिजली चमकने, बादल गरजने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Read More:

ऑस्ट्रेलिया से आज न्यूजीलैंड जाएंगे PM मोदी, FTA से लेकर रक्षा सहयोग तक कई बड़े मुद्दों पर रहेगा फोकस

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments