Rajnath Singh Perform Ground-Breaking Ceremony Aluminium Extrusion Press: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को महाराष्ट्र के नागपुर में सरकारी कंपनी यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL) की आयुध फैक्ट्री में 10 हजार टन क्षमता वाली ‘एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रेस’ परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और रक्षा उत्पादन विभाग के सचिव संजीव कुमार भी मौजूद रहेंगे।
स्वदेशी रक्षा निर्माण को मिलेगी मजबूती
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार, यह परियोजना देश में अहम एल्युमिनियम घटकों के निर्माण को बढ़ावा देगी, जिससे इनके आयात पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। इसके जरिए रक्षा उत्पादन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
क्या होती है ‘एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रेस’
‘एल्युमिनियम एक्सट्रूजन प्रेस’ एक ऐसी मशीन होती है जो गर्म एल्युमिनियम को विशेष रूप से डिजाइन किए गए सांचे से गुजारकर उसे आकार देती है। इस प्रक्रिया से अलग-अलग आकार और उपयोग वाले एल्युमिनियम उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिनका उपयोग रक्षा और एयरोस्पेस उद्योगों में बड़े पैमाने पर होता है।
रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्र को होगा फायदा
प्रस्तावित ‘एक्सट्रूजन प्रेस’ को रक्षा विनिर्माण क्षेत्र की एक अहम राष्ट्रीय संपत्ति माना जा रहा है। इसके शुरू होने के बाद देश में बड़े, मजबूत और अत्यधिक सटीक एल्युमिनियम मिश्र धातु एक्सट्रूजन का उत्पादन किया जा सकेगा। इससे रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों की बढ़ती जरूरतों को घरेलू स्तर पर पूरा करने की क्षमता मजबूत होगी।
‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को मिलेगा बल
यह परियोजना केंद्र सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ विजन के अनुरूप स्वदेशी विनिर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इसके माध्यम से रक्षा उत्पादन में घरेलू तकनीक और संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारत की रणनीतिक और औद्योगिक क्षमता में वृद्धि होगी।
Read More:

