HomeBreaking NewsNEET अभ्यर्थियों को बस किराए में मिलेगी 50% की छूट, CM योगी...

NEET अभ्यर्थियों को बस किराए में मिलेगी 50% की छूट, CM योगी ने किया ऐलान, मोहर्रम पर हथियार प्रदर्शन और तेज डीजे पर लगाई रोक

CM Yogi Adityanath NEET Exam Guidelines: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी मोहर्रम को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि यह मातम का अवसर है, शक्ति प्रदर्शन का नहीं। उन्होंने कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही नई परंपरा शुरू करने की कोशिशों पर भी रोक रहेगी और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश

मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वे पहले से स्थानीय स्तर पर संवाद स्थापित करें। उन्होंने कहा कि किसी भी जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ की घटना नहीं होनी चाहिए और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ काम करे।

कानफोड़ू डीजे और ढोल-ताशों पर रहेगा नियंत्रण

मुख्यमंत्री ने पूर्व की घटनाओं का जिक्र करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानफोड़ू डीजे, ढोल और ताशों के अनियंत्रित उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान ध्वनि प्रदूषण और अव्यवस्था फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

जुलूसों में अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन पर प्रतिबंध

सीएम योगी ने कहा कि मोहर्रम के जुलूसों में किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन नहीं होना चाहिए। उन्होंने ताजियों की ऊंचाई को लेकर भी निर्देश जारी किए और कहा कि सुरक्षा कारणों से ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। प्रशासन को 10 से 12 फीट से अधिक ऊंची ताजियों की अनुमति न देने के निर्देश दिए गए हैं।

नई परंपरा शुरू करने की नहीं होगी अनुमति

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी समुदायों की आस्था और धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन किसी भी प्रकार की नई परंपरा का सृजन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि सभी कार्यक्रम निर्धारित नियमों और परंपराओं के अनुरूप ही आयोजित हों।

नीट अभ्यर्थियों को बड़ी राहत

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 59 जनपदों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में प्रवेश पत्र दिखाने पर किराये में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

दूसरे जिलों से आने वाले छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे अभ्यर्थी जो परीक्षा देने के लिए दूसरे जिलों में पहुंचेंगे और जिनके पास ठहरने की व्यवस्था नहीं होगी, उनके लिए आवश्यक अस्थायी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र को परीक्षा के दौरान असुविधा का सामना नहीं करना चाहिए।

परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर जोर

सीएम योगी ने अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर अफवाह, भ्रामक या गलत सूचनाएं फैलाने की कोशिशों पर कड़ी निगरानी रखने तथा तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से इसे वैश्विक पहचान मिली है।

‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम पर होगा आयोजन

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ थीम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें।

Read More:

फ्रांस में PM मोदी और ट्रंप के बीच आज होगी द्विपक्षीय बैठक, 16 महीने बाद होंगे आमने-सामने, इन 4 बड़े मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

Yogita Tyagi
Yogita Tyagihttps://mhone.in/
योगिता त्यागी एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें राजनीति, मनोरंजन, धर्म और लाइफस्टाइल विषयों में विशेष रुचि है। वर्तमान में वह Mhone News के राजनीतिक, धर्म और मनोरंजन सेक्शन के लिए सक्रिय रूप से लेखन कर रही हैं। डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ, उन्होंने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों- जैसे दैनिक भास्कर, पंजाब केसरी, इंडिया डेली लाइव और ITV नेटवर्क में योगदान दिया है। योगिता ने गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (GGSIPU) से मास कम्युनिकेशन और जर्नलिज्म में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है, जिसने उनके डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में गहन, प्रभावशाली और विश्वसनीय लेखन की मजबूत नींव रखी है।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments