Pakistani Airstrikes in Afghanistan: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर गहरा गया है। अफगानिस्तान ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने उसकी हवाई सीमा का उल्लंघन करते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में हवाई हमले किए। अफगान प्रशासन के अनुसार, इन हमलों में आम नागरिकों के घरों को निशाना बनाया गया, जिससे भारी जान-माल का नुकसान हुआ है।
तीन प्रांतों में रिहायशी इलाकों को बनाया निशाना
अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में बमबारी की। बयान के मुताबिक, हमले रिहायशी इलाकों पर किए गए, जहां बड़ी संख्या में आम नागरिक रहते हैं। बमबारी के कारण कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
11 बच्चों समेत 13 लोगों की मौत
अफगान प्रशासन के अनुसार, इस हमले में कुल 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति शामिल हैं। अधिकारियों ने मृतकों को शहीद घोषित किया है। बताया गया है कि हमले का सबसे अधिक असर बच्चों पर पड़ा, जिनकी बड़ी संख्या में जान गई है।
14 लोग घायल
हवाई हमले में 14 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल बताए गए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
सोशल मीडिया पर सामने आईं दर्दनाक तस्वीरें
हमले के बाद सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं। इनमें प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान और घायल बच्चों की स्थिति दिखाई दे रही है। तस्वीरों के सामने आने के बाद क्षेत्र में मानवीय संकट को लेकर चिंता बढ़ गई है।
अफगानिस्तान ने जताया कड़ा विरोध
हमले के बाद अफगान सरकार ने पाकिस्तान की कार्रवाई पर कड़ी आपत्ति जताई है। प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने अपने बयान में कहा, ‘हम इस अमानवीय अपराध और हमले की कड़े से कड़े शब्दों में पुरजोर निंदा करते हैं।’ उन्होंने इस कार्रवाई को अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन बताया।
अंतरराष्ट्रीय नियमों के उल्लंघन का आरोप
अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय नियमों के खिलाफ बताते हुए आम नागरिकों के विरुद्ध किया गया क्रूर अपराध करार दिया है। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Read More:

