Mumbai Watermelon Poisoning Case Update: दक्षिण मुंबई के घारी मोहल्ला में हुई एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की गुत्थी अब काफी हद तक सुलझ चुकी है। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की रिपोर्ट में साफ हो चुका है कि मृतकों के शरीर और तरबूज के नमूनों में ‘जिंक फॉस्फाइड’ पाया गया। यह एक जहरीला रसायन है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहे मारने की दवा में किया जाता है।
घटना की पूरी टाइमलाइन
26 अप्रैल की रात अब्दुल डोकाडिया के घर पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किया गया था। इस दौरान रिश्तेदारों और मेहमानों को चिकन पुलाव परोसा गया। मेहमानों के जाने के बाद देर रात करीब 1 बजे परिवार के सदस्यों ने तरबूज खाया। कुछ ही घंटों में अब्दुल, उनकी पत्नी नसरीन और दोनों बेटियों आयशा और जैनब की तबीयत बिगड़ गई। सभी को तेज उल्टी और दस्त की शिकायत हुई।
इलाज के दौरान गई चारों की जान
परिवार को पहले स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें मुंबई के जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी, लेकिन अब FSL रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।
FSL रिपोर्ट में क्या मिला?
मुंबई पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट के मुताबिक मृतकों के लिवर, किडनी, स्प्लीन और पेट से लिए गए नमूनों में जिंक फॉस्फाइड पाया गया। जांच के लिए भेजे गए तरबूज के सैंपल में भी यही जहरीला पदार्थ मिला। हालांकि चिकन पुलाव, पानी और अन्य खाद्य पदार्थों में किसी तरह का जहर नहीं मिला। इससे साफ हो गया कि जहरीला तत्व केवल तरबूज में मौजूद था।
मेहमान क्यों नहीं हुए बीमार?
पुलिस ने समारोह में शामिल पांच मेहमानों के बयान दर्ज किए। सभी ने बताया कि उन्होंने चिकन पुलाव खाया था, लेकिन तरबूज नहीं खाया। यही वजह रही कि उन्हें किसी तरह की तबीयत खराब होने की शिकायत नहीं हुई। इस जानकारी से जांच एजेंसियों को यह पता
चल पाया कि मौत की वजह सिर्फ तरबूज था।
पुलिस किन पहलुओं पर कर रही जांच
जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन ने पहले अचानक मृत्यु का मामला दर्ज किया था। अब FSL रिपोर्ट आने के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तरबूज में जिंक फॉस्फाइड कैसे पहुंचा। जांच इस बात पर है कि यह किसी की लापरवाही थी, गलती से हुआ हादसा था या फिर किसी ने जानबूझकर जहर मिलाया। पुलिस फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉक्टरों से लगातार सलाह लेकर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
Read More:

