पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनती नजर आ रही है। इन नतीजों के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान देते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता के भरोसे का परिणाम बताया है।
‘PM मोदी के नेतृत्व पर जनता का अटूट विश्वास’
CM योगी ने कहा कि देशवासियों का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और उनकी जनकल्याणकारी नीतियों पर गहरा विश्वास है, जो इन चुनावी नतीजों में साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश ‘नए भारत’ और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार बीजेपी-एनडीए गठबंधन की सरकार बनना इसी भरोसे का परिणाम है। योगी आदित्यनाथ ने इस जीत के लिए पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन की मेहनत और जनता के समर्थन का नतीजा है।
जनता का जताया आभार
मुख्यमंत्री योगी ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों ने सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में अपना समर्थन दिया है। उन्होंने मतदाताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह आशीर्वाद पार्टी को और बेहतर काम करने की प्रेरणा देगा।
पश्चिम बंगाल में किया था जोरदार प्रचार
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान सीएम योगी ने कई विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां और रोड शो किए थे। उन्होंने सोनामुखी, नंदकुमार, कांथी दक्षिण, बोलपुर, रामपुरहाट समेत कई सीटों पर प्रचार किया था। ताजा रुझानों के मुताबिक, जिन सीटों पर उन्होंने प्रचार किया था, उनमें से कई पर बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। हालांकि कुछ सीटों पर टीएमसी और कांग्रेस भी आगे चल रही हैं।
Read More
चार युरोपीय देशों की यात्रा पर जा रहे PM मोदी, विश्व के साथ संबंधों पर लगेगी नई मुहर

