Assembly Election Results 2026: देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजों की घड़ी आ गई है। वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है और आज साफ हो जाएगा कि जनता ने अगले पांच साल के लिए किस दल या गठबंधन पर भरोसा जताया है। जिन राज्यों में नतीजे आ रहे हैं, उनमें पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल में कांटे की टक्कर
पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान कराया गया था। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग हुई। राज्य में 92 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे ज्यादा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस लगातार चौथी बार सत्ता में आने की कोशिश में है, जबकि भाजपा भी मजबूत दावेदारी पेश कर रही है।
क्या असम में होगा बदलाव?
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान हुआ था। इस बार राज्य में 85 प्रतिशत से अधिक वोटिंग हुई है। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने की उम्मीद कर रही है। वहीं कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के बाद वापसी की कोशिश में जुटी है।
तमिलनाडु में हुआ रिकॉर्ड मतदान
तमिलनाडु की 234 सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां 85.14 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जो पिछले सभी रिकॉर्ड को पार कर गई। राज्य में एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार सत्ता में है और परिणाम तय करेंगे कि जनता उन्हें दोबारा मौका देती है या नहीं।
केरल में LDF की अग्निपरीक्षा
केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस चुनाव में 78.27 प्रतिशत मतदान हुआ। मुख्यमंत्री पी. विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है, जबकि विपक्ष भी मजबूत दावेदारी पेश कर रहा है।
पुडुचेरी में भी सस्पेंस बरकरार
पुडुचेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए भी 9 अप्रैल को वोटिंग हुई थी, जिसमें 89.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां यह देखना दिलचस्प होगा कि एन. रंगास्वामी की सरकार सत्ता में बनी रहती है या बदलाव होता है।
रिकॉर्ड वोटिंग ने बढ़ाया रोमांच
इन सभी राज्यों में इस बार रिकॉर्ड स्तर पर मतदान हुआ है, जिससे चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं, जहां धीरे-धीरे रुझान सामने आ रहे हैं और जल्द ही अंतिम परिणाम घोषित होंगे।
Read More:
चुनावी नतीजों से पहले गरमाई सियासत, लेकिन दिल्ली से बंगाल तक ठंडा हुआ मौसम… IMD का रेड अलर्ट जारी

