पंजाब पुलिस ने अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई किया। इस दौरान 64.62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 450 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार हेरोइन पाकिस्तान से तस्करी कर भारत लाई गई थी और इसे आगे पंजाब समेत अन्य राज्यों में सप्लाई किया जाना था। हालांकि पुलिस ने समय रहते इस अवैध नशीले पदार्थ को जब्त कर लिया।
दो आरोपी हुए गिरफ्तार
पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनकी पहचान सरवन सिंह निवासी अवा गांव और शमशेर सिंह निवासी गांव इकतियारनगर के रूप में हुई है। बता दें कि दोनों को गांव माहल के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी ड्रग तस्करी नेटवर्क के सक्रिय सदस्य हैं और सीमा पार से आने वाली खेप को आगे पहुंचाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
विदेशी हैंडलर्स से जुड़े तार
जांच एजेंसियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस नेटवर्क के तार विदेश में बैठे हैंडलर्स और पाकिस्तान के कथित मूसा गैंग से जुड़े हुए हैं। यह गिरोह सीमा पार से नशीले पदार्थ पंजाब लाकर देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजने का काम करता था। अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और इसके अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
DGP गौरव यादव ने दी जानकारी
मामले में पुलिस स्टेशन SSOC अमृतसर में FIR दर्ज कर ली गई है। पंजाब के DGP गौरव यादव ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य सिर्फ बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करना है। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। पंजाब सरकार ने हाल ही में ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान का दूसरा चरण शुरू किया है। इसके तहत जिलों में रैलियां, जागरूकता कार्यक्रम और जनसंपर्क अभियान चलाए जा रहे हैं।
Read More
केंद्रीय कर्मचारियों की हुई मौज! सरकार ने महंगाई भत्ता 2% और बढ़ाने को दी मंजूरी, अब वेतन में आएगा उछाल