दिल्ली के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों के साथ अब स्कूल प्रशासन से जुड़े पदों को भरने की तैयारी भी शुरू हो गई है। शिक्षा निदेशालय के तहत आने वाले स्कूलों में प्रिंसिपल और वाइस प्रिंसिपल के कुल 828 पद खाली बताए गए हैं। इन पदों को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के जरिए सीधी भर्ती से भरा जाना है। UPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर भर्ती विज्ञापन उपलब्ध हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुल रिक्तियों में 124 पद प्रिंसिपल और 704 पद वाइस प्रिंसिपल के हैं।
दिल्ली का शिक्षा निदेशालय करीब 1,090 सरकारी स्कूलों का संचालन करता है। इन वरिष्ठ पदों पर नियुक्ति होने से स्कूलों के प्रशासनिक कामकाज को मजबूत करने में मदद मिल सकती है। प्रिंसिपल के कुल 950 स्वीकृत पदों में से 50 फीसदी पद सीधी भर्ती के लिए निर्धारित हैं। वहीं, वाइस प्रिंसिपल के 1,670 स्वीकृत पदों में से 835 पद सीधे भर्ती के तहत आते हैं। बाकी पदों को प्रमोशन के जरिए भरने की व्यवस्था है।
क्या है आवेदन की तारीख ?
जानकारी के मुताबिक, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हुई थी और इच्छुक उम्मीदवार 14 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को UPSC की ऑनलाइन भर्ती प्रणाली का इस्तेमाल करना होगा। भर्ती और आवेदन से जुड़ी आधिकारिक जानकारी UPSC की वेबसाइट पर देखी जा सकती है।
आवेदन के दौरान पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर जरूरी दस्तावेज और आवेदन शुल्क से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करनी होगी। फॉर्म जमा करने के बाद उम्मीदवारों को उसका कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखना चाहिए।