Ram Mandir CEO Post Interview: अयोध्या में श्री राम मंदिर के CEO पद के लिए उम्मीदवारों का इंटरव्यू आज यानी 11 अगस्त से शुरू होगा। दो दिन तक चलने वाली यह प्रक्रिया मंगलवार और बुधवार को राम मंदिर परिसर स्थित PFC (Passenger Facilitation Center) में होगी। CEO पद के लिए करीब 5,200 लोगों ने आवेदन किया था, जिनमें से शुरुआती जांच के बाद 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुना गया है।
55 उम्मीदवारों से हुई थी बातचीत
CEO के चयन की प्रक्रिया में करीब 5,200 आवेदनों की शुरुआती जांच के बाद चयन समिति ने लगभग 55 उम्मीदवारों के साथ बातचीत की थी। इसके बाद उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर 18 आवेदकों को अंतिम इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। इन उम्मीदवारों में सेना, शिक्षा और कॉरपोरेट जगत से जुड़े अनुभवी लोग शामिल हैं।
तीन सदस्यीय समिति करेगी चयन
राम मंदिर के CEO पद के उम्मीदवारों का इंटरव्यू सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति लेगी। समिति में लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विष्णु कांत चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक सुरेश हावड़े भी शामिल हैं। इंटरव्यू के बाद समिति अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
तीन नाम ट्रस्ट को सौंपे जाएंगे
चयन समिति 18 उम्मीदवारों में से तीन सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों के नाम तय करेगी। इन तीन नामों को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपा जाएगा। इसके बाद ट्रस्ट अंतिम निर्णय लेगा और 2 सितंबर को नए CEO के नाम की घोषणा की जाएगी।
चंदा चोरी के बाद CEO का फैसला
राम मंदिर में चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद मंदिर प्रबंधन को लेकर ट्रस्ट ने कई अहम फैसले किए थे। इसी क्रम में 6 जुलाई को हुई बोर्ड बैठक में मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए CEO नियुक्त करने का फैसला लिया गया था।
मंदिर प्रबंधन संभालेंगे CEO
राम मंदिर के CEO की मुख्य जिम्मेदारी मंदिर के प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों की निगरानी करना होगी। इस पद के लिए उम्मीदवारों की आयु सीमा 50 से 70 वर्ष निर्धारित की गई है। नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बाद नया CEO मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को संभालने में अहम भूमिका निभाएगा।
Read More:

