मध्य प्रदेश(Madhya Pradesh) के सतना जिले और चित्रकूट में लगातार हो रही तेज बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मंदाकिनी नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है और नदी करीब 30 फीट ऊंचाई तक बह रही है। गोरगी बांध के टूटने के बाद आसपास के कई इलाकों में पानी भर गया। चित्रकूट के रामघाट पर बना करीब 300 मीटर लंबा पुल भी बाढ़ की चपेट में आ गया। घाट के पास मौजूद कई दुकानें पानी में डूब गईं।
नागौद, बिरसिंहपुर, मझगवां और सतना के कई हिस्सों में नदी-नाले उफान पर हैं। बिरसिंहपुर के कुछ मोहल्लों में कमर तक पानी पहुंच गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान खराब हुआ है और कई वाहन भी जलभराव में डूब गए हैं। नागौद थाने और सिंहपुर चौराहे के पेट्रोल पंप तक पानी पहुंच गया। कोतवाली चौक से कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर भी पानी भरने के कारण यातायात रोक दिया गया। कोटर और कोठी जैसे निचले इलाकों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। कोठी क्षेत्र में एक कच्चा मकान गिरने से दो मवेशियों की मौत की जानकारी है।
चित्रकूट में श्रद्धालुओं को सावधानी की सलाह
बाढ़ के कारण चित्रकूट में सती अनुसुइया आश्रम समेत कई धार्मिक स्थलों तक जाने वाले रास्ते बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से घाटों तथा निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
SDRF की टीमें राहत और बचाव अभियान में लगी हुई हैं। छतों पर फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। चित्रकूट के पास रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से दो ट्रेनें रुक गईं। मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग पर भी जलभराव का असर देखने को मिला है।
अगले पांच दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है और 26 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। जगह हल्की से मध्यम, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण और मानसून ट्रफ के प्रभाव से रीवा संभाग में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। प्रशासन ने राहत-बचाव टीमों को सक्रिय रखा है और निचले इलाकों के लोगों को जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है।