नेपाल-तिब्बत सीमा पर ग्लेशियर टूटने के बाद आई विनाशकारी बाढ़ ने नेपाल में भारी तबाही मचाई है। अब तक 626 से ज्यादा लोगों की मौत और 2,400 से अधिक लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। इस मुश्किल घड़ी में भारत की ओर से लगातार मिल रही सहायता के लिए नेपाल सरकार ने आभार जताया है। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने शनिवार को भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘अत्यंत उदार’ बताया। वित्त मंत्री ने कहा कि भारत ने आपदा के बाद राहत और बचाव अभियान में सहयोग देने के साथ-साथ नेपाल में क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण के लिए भी व्यापक सहायता का आश्वासन दिया है।
सड़कें और पुल हुए तबाह
ग्लेशियर टूटने और उसके बाद आई बाढ़ के तेज बहाव में मध्य नेपाल के कई गांवों के साथ सड़कें और पुल भी बह गए हैं। कई हाइड्रोपावर परियोजनाओं को भी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित इलाकों में रुक-रुककर बारिश होने के कारण राहत और बचाव अभियान में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं। नेपाल के अनुरोध पर भारत अब तक 57.6 टन आपातकालीन राहत सामग्री भेज चुका है। इसके अलावा हाइड्रोपावर टनल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए भारत की ओर से 11 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम भी नेपाल पहुंची है। टीम में डॉक्टरों के साथ टनल रेस्क्यू विशेषज्ञ शामिल हैं।
रेस्क्यू के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण पर फोकस
नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले ने बताया कि सरकार आपदा से निपटने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है। इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालना है। नेपाल सेना अब तक हेलीकॉप्टर के जरिए करीब 1,930 लोगों को एयरलिफ्ट कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा चुकी है। उन्होंने बताया कि धुंचे, रसुवा और स्याफ्रू बेसी जैसे कई इलाके सड़क संपर्क से कट चुके हैं। ऐसे क्षेत्रों में हेलीकॉप्टर के जरिए राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। वागले के मुताबिक, बचाव अभियान के बाद सरकार का अगला फोकस अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने और इसके बाद क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे के पुनर्निर्माण पर होगा।
‘भारत का रवैया हमेशा मददगार रहा’
भारत के सहयोग की सराहना करते हुए स्वर्णिम वागले ने कहा कि भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रवैया हमेशा मददगार रहा है। उन्होंने 2015 के विनाशकारी भूकंप को याद करते हुए कहा कि उस समय भी भारत ने नेपाल की मदद के लिए तेजी से कदम उठाए थे।
Read More
लुधियाना नगर निगम F&CC चुनाव में युवराज सिद्धू और गौरव भट्टी ने हासिल की जीत

