दिवाली और छठ पूजा(Diwali and Chhath) के मौके पर बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों के दौरान दिल्ली समेत बड़े शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। इस वजह से ट्रेनों और बसों में सीट मिलना काफी मुश्किल हो जाता है। यात्रियों की इसी परेशानी को देखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) ने विशेष बसें चलाने का फैसला किया है। इसके तहत पांच राज्यों से बिहार के लिए कुल 210 त्योहार स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा।
5 राज्यों से चलेंगी 210 स्पेशल बसें
बीएसआरटीसी के मुताबिक, ये विशेष बसें 5 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक चलाई जाएंगी। अलग-अलग राज्यों से बसों की संख्या भी निर्धारित की गई है।
-
उत्तर प्रदेश: 60 बसें
-
दिल्ली: 50 बसें
-
पश्चिम बंगाल: 40 बसें
-
हरियाणा: 30 बसें
-
झारखंड: 30 बसें
यात्रियों को राहत देने के लिए बिहार सरकार बस किराये पर करीब 30 प्रतिशत सब्सिडी भी देगी। इससे त्योहार के समय घर जाने का खर्च कम होगा।
टिकट पर 865 रुपये तक की होगी बचत
सरकारी सब्सिडी के कारण यात्रियों को टिकट के किराये में अधिकतम 865 रुपये तक की बचत हो सकती है। बसों की ऑनलाइन बुकिंग 1 नवंबर से बीएसआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू होगी।
इन बसों से पटना जंक्शन, दानापुर, पाटलिपुत्र स्टेशन और बैरिया बस स्टैंड पहुंचने वाले यात्रियों के लिए आगे का सफर भी आसान बनाया जाएगा। यहां से गांव और कस्बों तक जाने के लिए 24 घंटे कनेक्टिंग सिटी बसों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बसों में सुरक्षा के भी होंगे पुख्ता इंतजाम
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम ने सभी बसों में GPS आधारित वीएलटीडी सिस्टम, पैनिक बटन और स्पीड गवर्नर लगाना अनिवार्य किया है। इसके साथ ही बसों की फिटनेस की जांच भी जरूरी होगी।
चालकों को निर्धारित बस स्टैंड या उचित स्थान पर ही बस रोकने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
कितना होगा पटना से दिल्ली तक का किराया?
सब्सिडी के बाद पटना से दिल्ली के बीच अलग-अलग श्रेणी की बसों का किराया इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
-
नॉन एसी बस: 1,182 रुपये
-
नॉन एसी स्लीपर: 1,483 रुपये
-
एसी सीटर: 1,318 रुपये
-
एसी स्लीपर: 1,935 रुपये

