रेल यात्रियों के लिए रेलवे(Railway) बोर्ड ने कई अहम फैसले लिए हैं। बोर्ड ने दो नई ट्रेन सेवाओं को मंजूरी देने के साथ चार ट्रेनों के रूट बढ़ाने और सात नए स्टॉपेज को स्वीकृति दी है। इन बदलावों का फायदा उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश समेत अलग-अलग रूटों पर सफर करने वाले यात्रियों को मिल सकता है। इससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यात्रा के अतिरिक्त विकल्प भी मिलेंगे।
इन सेवाओं और नए ठहराव को किस तारीख से शुरू किया जाएगा इसकी जानकारी संबंधित रेलवे जोन की ओर से अलग-अलग नोटिफिकेशन जारी करके दी जाएगी।
कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस अब रोज चलेगी
कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस (15312/15311) को दैनिक सेवा के तौर पर चलाने की मंजूरी दी गई है। ट्रेन 15312 कासगंज से सुबह 4:20 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे ऐशबाग पहुंचेगी। वापसी में 15311 ऐशबाग से दोपहर 2 बजे चलेगी और रात 10:40 बजे कासगंज पहुंचेगी।
इस ट्रेन के रास्ते में उझानी, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, पूरनपुर और मैलानी जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इसके अलावा गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर, सीतापुर, सिधौली और मोहीबुल्लापुर में भी ट्रेन रुकेगी।
वलसाड-सूरत MEMU भी अब दैनिक
वलसाड-सूरत MEMU (69149) को भी रोजाना चलाने की स्वीकृति मिली है। यह ट्रेन वलसाड से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर शाम 4:40 बजे सूरत पहुंचेगी। डूंगरी, जोरावासन, बिलिमोरा, आमलसाड, अंचेली, वेडछा, गांधी स्मृति, नवसारी, मारोली, सचिन, भेस्तान और उधना इसके प्रमुख ठहराव होंगे।
वाराणसी एक्सप्रेस पहुंचेगी नेपालगंज रोड
वाराणसी सिटी-गोरखपुर एक्सप्रेस (15132/15131) का रूट अब नेपालगंज रोड तक बढ़ाया गया है। वाराणसी से यह ट्रेन रात 10:35 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 11:20 बजे नेपालगंज रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन शाम 4:15 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस का भी विस्तार
रीवा-जबलपुर एक्सप्रेस (22189/22190) को मदन महल तक बढ़ाया गया है। रीवा से ट्रेन 22190 सुबह 5:45 बजे चलेगी और 9:46 बजे जबलपुर पहुंचेगी। इसके बाद 9:51 बजे रवाना होकर 10:07 बजे मदन महल पहुंचेगी। वापसी में 22189 मदन महल से शाम 5 बजे चलेगी और रात 9:22 बजे रीवा पहुंचेगी।