नेपाल में भीषण बाढ़ के बीच हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक का लॉकर बहकर धादिंग जिले तक पहुंच गया। लॉकर मिलने के बाद कुछ लोगों ने उसे तोड़ दिया और उसके अंदर रखी नकदी निकालने लगे। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए 29 लोगों को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद किए हैं।
बाढ़ के पानी में बहकर धादिंग पहुंचा लॉकर
मामला नेपाल के धादिंग जिले का है। बताया जा रहा है कि रासुवा और ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के बाद भीषण बाढ़ आई। इससे त्रिशूली नदी का जलस्तर और बहाव काफी बढ़ गया। इसी दौरान एक बैंक का लॉकर पानी के तेज बहाव में बह गया और त्रिशूली नदी के रास्ते धादिंग इलाके तक पहुंच गया। धादिंग में लोगों की नजर जब बाढ़ के पानी के साथ बहकर आए लॉकर पर पड़ी तो उसे खोलने की कोशिश शुरू हो गई। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कुछ लोग लॉकर तोड़कर उसके अंदर रखी नकदी निकाल रहे थे।
कैश निकालते हुए पकड़े गए 29 लोग
लॉकर से नकदी निकाले जाने की सूचना मिलने पर सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल पुलिस की संयुक्त गश्ती टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए 29 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 9,268,505 नेपाली रुपये बरामद किए। यह रकम भारतीय संख्या पद्धति में करीब 92.68 लाख नेपाली रुपये के बराबर है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता डीआईजी अबी नारायण काफ्ले के मुताबिक, सभी 29 संदिग्धों को धादिंग जिला पुलिस कार्यालय में रखा गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किस बैंक का था लॉकर, जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि लॉकर किस बैंक और किस शाखा का था। पुलिस और संबंधित एजेंसियां लॉकर से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं। यह भी जांच का विषय है कि लॉकर में कितनी रकम थी और बाढ़ के दौरान वह बैंक से किस तरह बहकर धादिंग तक पहुंचा।
Read More
ममता बनर्जी पर FIR दर्ज, CM शुभेंदु अधिकारी ने क्यों दिया यह आदेश?

