कश्मीर में वसंत ऋतु के आगमन के साथ ही श्रीनगर का प्रसिद्ध इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन बीते सोमवार 16 मार्च को आम लोगों के लिए खोल दिया गया। एशिया के सबसे बड़े इस ट्यूलिप गार्डन के खुलने के साथ ही घाटी में पर्यटन सीजन की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
CM उमर अब्दुल्ला ने किया उद्घाटन
श्रीनगर में जबरवान पर्वत श्रृंखला की तलहटी में स्थित इस खूबसूरत गार्डन का उद्घाटन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रिबन काटकर किया। यह गार्डन हर साल वसंत के मौसम में खुलता है और कश्मीर में पर्यटन गतिविधियों की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। ट्यूलिप गार्डन के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि खिलते हुए ट्यूलिप घाटी में वसंत के आगमन का संकेत हैं और आने वाले महीनों में बड़ी संख्या में पर्यटक कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंचेंगे।
वसंत पर्यटन सीजन की शुरुआत का संकेत
मुख्यमंत्री ने कश्मीर की एक प्रसिद्ध कहावत का जिक्र करते हुए कहा, “वांडे त्जाले शीन गली, बेई यी बहार” यानी सर्दी खत्म होगी, बर्फ पिघलेगी और फिर वसंत आएगा। उन्होंने कहा कि ट्यूलिप के खिलने के साथ ही कश्मीर में पर्यटन गतिविधियां तेज हो जाती हैं और यह गार्डन स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
70 से ज्यादा किस्मों के ट्यूलिप
मशहूर डल झील के नजारे वाली सीढ़ीनुमा ढलानों पर फैला यह गार्डन लाखों ट्यूलिप फूलों से सजा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार यहां 70 से अधिक किस्मों के ट्यूलिप लगाए गए हैं, जिनके अलग-अलग रंग और आकार पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। इसके अलावा गार्डन में वसंत के कई अन्य खूबसूरत फूल भी मौजूद हैं, जो इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बनाते हैं।
राम जनम चौहान वर्तमान में MH One News के साथ जुड़े हुए हैं। वे मुख्य रूप से पॉलिटिक्स और नेशनल न्यूज़ को कवर करते हैं। उन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक जागरण संस्थान के साथ की। इसके अलावा Zee Media और India News में इंटर्नशिप की है। राम जनम चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज (गोकलपुरी, दिल्ली) से पत्रकारिता एवं जनसंचार (BJMC) की डिग्री प्राप्त की है।