HomeBreaking Newsगाजियाबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पुलिस की जवाबी में...

गाजियाबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पुलिस की जवाबी में कार्रवाई में एक अपराधी ढेर

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद(Ghaziabad) में बुधवार 28 अक्टूबर 2026 को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंग नहर पटरी के पास हुई इस घटना में कुख्यात बदमाश धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। वहीं, दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं जिससे उनकी जान बच गई।

पुलिस के मुताबिक, 28 अक्टूबर को अपराध शाखा की टीम को सूचना मिली थी कि धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी अपने दो साथियों के साथ गंग नहर पटरी के रास्ते मेरठ की ओर जाने वाला है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने अधिकारियों को जानकारी दी और मेरठ जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर दी। शाम करीब 6 बजे गाजियाबाद की तरफ से एक बाइक आती दिखाई दी। उस पर तीन लोग सवार थे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय मेरठ की ओर भागने लगे।

बाइक फिसलने के बाद शुरू हुई गोलीबारी

पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर बाइक कच्चे रास्ते पर मुड़ते समय फिसल गई और तीनों नीचे गिर गए। इसके बाद उन्होंने बाइक छोड़कर पेड़ों की आड़ ले ली और पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी।

इस दौरान हेड कांस्टेबल अमित कुमार, विनीत कुमार और हिमांशु मलिक गोली लगने से घायल हो गए। निरीक्षक अनिल कुमार और हेड कांस्टेबल वरुण वीर सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं लेकिन दोनों सुरक्षित बच गए।

दो बदमाश फरार, तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, जवाबी फायरिंग में धर्मेंद्र उर्फ टिड्डी घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले। घायल बदमाश और पुलिसकर्मियों को मुरादनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद धर्मेंद्र को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें : हरियाणा HPSC को मिलेगा नया चेयरमैन, सतीश सैनी के नाम पर लगी मुहर…

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments