BJP Meeting: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अध्यक्षता में गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026 को पार्टी के महामंत्रियों की अहम बैठक होगी। नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय में सुबह 10 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।
पांच राज्यों के चुनाव पर बनेगी रणनीति
बैठक में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर विशेष मंथन होगा। इन राज्यों में चुनावी कार्यक्रम को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठन की तैयारियों को आगे बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी।
SIR और चुनाव आयोग के मुद्दे पर विपक्ष को जवाब
बैठक में विपक्षी इंडिया ब्लॉक की ओर से SIR और चुनाव आयोग को लेकर किए जा रहे प्रदर्शनों पर भी चर्चा होगी। कांग्रेस और विपक्षी दल इन मुद्दों को लेकर लगातार सरकार और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में बीजेपी की ओर से इस अभियान का राजनीतिक जवाब देने की रणनीति पर भी मंथन होने की संभावना है।
चांदनी चौक में नितिन नबीन ने निकाली पदयात्रा
इससे पहले बुधवार, 28 अक्टूबर को BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने दिल्ली के चांदनी चौक में पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा की। SIR और वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक के आक्रामक अभियान के जवाब में बीजेपी ने भी अपना अभियान तेज किया है।
अध्यक्ष बनने के बाद पहली बड़ी सड़क की मुहिम
BJP अध्यक्ष बनने के बाद यह पहली बार है जब नितिन नबीन ने सड़क पर उतरकर किसी मार्च की कमान संभाली। बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान 22 अक्टूबर से शुरू हुआ है और देशभर में 5 नवंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान की कमान नितिन नबीन ने व्यक्तिगत रूप से संभाली है।
2029 को लेकर नबीन का बड़ा दावा
चांदनी चौक में पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा, ‘इस देश में अराजकता का कोई स्थान नहीं हो सकता है। हम विकास के लिए आगे बढ़ रहे हैं, हम देश की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। मोदी जी कहीं नहीं जाएंगे, 2029 में वे इसी लाल किले की प्राचीर पर फिर नजर आएंगे।’
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
नबीन ने कहा, ‘लोकतंत्र सुरक्षित हाथों में है। जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है, क्योंकि जनता को मालूम है कि देश की मिट्टी का लाल, इस देश का पुत्र, मोदी जी का परिवार 140 करोड़ जनता है। पीएम मोदी 140 करोड़ देशवासियों के सुख-दुख के साथी हैं। वहीं, लोकतंत्र की दुहाई देने वाले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, जो संविधान की प्रति लेकर चल रहे हैं, असल में उन्हें संविधान से कोई मतलब नहीं है। राहुल गांधी और उनका परिवार जो कहता है, पूरी कांग्रेस वही मान लेती है और यही वजह है कि कांग्रेस आज रसातल में जा रही है। राहुल बाबा की बात मानते रहिए, कांग्रेस समाप्त हो जाएगी।’
Read More:

