नौकरी(office) छोड़ने की वजह अक्सर कम सैलरी, काम का दबाव, खराब मैनेजमेंट या बेहतर करियर अवसर होती है। लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आया एक इस्तीफा इन वजहों से बिल्कुल अलग है। एक युवती ने ऑफिस में सिगरेट के धुएं और तेज गंध से परेशान होकर नौकरी छोड़ने का फैसला किया। उनका इस्तीफा सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों के बीच इस मुद्दे को लेकर चर्चा शुरू हो गई। एक्स यूजर जाह्नवी छावड़ा ने कंपनी को भेजे अपने रेजिग्नेशन ईमेल का स्क्रीनशॉट शेयर किया।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त 2026 उनका कंपनी में आखिरी कार्यदिवस होगा। जाह्नवी ने ईमेल में लिखा कि उन्हें सिगरेट की गंध बिल्कुल पसंद नहीं है और उन्होंने काफी समय तक इस परेशानी के साथ तालमेल बैठाने की कोशिश की। हालांकि, लगातार धुएं और बदबू के बीच काम करना उनके लिए मुश्किल होता गया। उन्होंने अपनी बात स्पष्ट रखते हुए कहा कि समस्या से परेशान व्यक्ति को ही हमेशा समझौता नहीं करना चाहिए, बल्कि परेशानी पैदा करने वालों को भी अपनी आदत में बदलाव करना चाहिए।
पैंट्री और डायनिंग एरिया में होती थी स्मोकिंग
जाह्नवी के पोस्ट के बाद यूजर्स ने उनसे ऑफिस में स्मोकिंग को लेकर सवाल किए। उन्होंने बताया कि कुछ कर्मचारी पैंट्री और डायनिंग एरिया में सिगरेट पीते थे। इसके बाद लॉबी में बैठने के कारण धुएं की गंध आसपास फैल जाती थी।
उन्होंने इससे बचने के लिए मास्क पहनकर काम करने की कोशिश भी की लेकिन राहत नहीं मिली। लगातार पैसिव स्मोकिंग उनके लिए परेशानी का कारण बनी रही।
सोशल मीडिया पर मिली प्रतिक्रियाएं
पोस्ट वायरल होने के बाद ज्यादातर लोगों ने जाह्नवी के फैसले का समर्थन किया। यूजर्स ने कहा कि कार्यस्थल पर स्वच्छ हवा मिलना जरूरी है। कुछ लोगों ने कंपनी की नो-स्मोकिंग नीति के पालन पर भी सवाल उठाए। वहीं, कुछ यूजर्स ने इसे नौकरी छोड़ने की छोटी वजह बताया। इसके बावजूद बहस का मुख्य मुद्दा यही रहा कि नौकरी जरूरी है लेकिन स्वास्थ्य के साथ समझौता करना भी सही नहीं।