उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर और अभिनेता अंकित बालियान(Ankit Baliyan) की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 7 बजे अंकित जिम में वर्कआउट करने के बाद बाहर निकले थे। वह अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे तभी पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावर पैदल आए थे और उनके हाथ में पिस्टल थी। करीब 20 राउंड फायरिंग के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। अंकित के सिर में गोली लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे’ गाने से मिली पहचान
अंकित बालियान हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगिंग और एक्टिंग के लिए जाने जाते थे। उनके गाने ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ ने उन्हें खास पहचान दिलाई थी।
अंकित शामली जिले के बंटीखेड़ा गांव के रहने वाले थे। पिछले कुछ वर्षों से वह रोहतक और सोनीपत में रहकर संगीत और अभिनय से जुड़े काम कर रहे थे। बताया गया है कि वह करीब एक साल से नियमित रूप से जिम आते थे।
जांच में जुटी पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, चार अज्ञात लोगों ने जिम से बाहर निकलते समय अंकित की हत्या की और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या गैंगवार की आशंका समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, घटना से नाराज परिजनों ने शामली चौराहे पर शव रखकर करीब ढाई घंटे तक जाम लगाया। परिवार ने मांग की कि हत्यारों की गिरफ्तारी होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।