लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट(Lucknow-Bengaluru) में बुधवार को बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। रिपोर्टों के मुताबिक, मामला फ्लाइट 6E231 से जुड़ा है। विमान बेंगलुरु एयरपोर्ट पर उतरने की तैयारी में था तभी क्रू को धमकी की जानकारी मिली। विमान ने करीब 9:40 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद यात्रियों को उतारकर सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, विमान की सफाई के दौरान एक टिश्यू पेपर मिला जिस पर अंग्रेजी में “BOMB” लिखा था। नोट मिलने के बाद चालक दल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पायलट और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को जांच के लिए लिया गया।
जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
बेंगलुरु एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान विमान में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद धमकी को फर्जी यानी होक्स माना गया। हालांकि, ऐसी धमकी को सुरक्षा एजेंसियां पूरी गंभीरता से लेती हैं ताकि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
इंडिगो की उड़ानों में इस तरह के फर्जी बम अलर्ट का मामला पहले भी सामने आ चुका है। जून में लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में टॉयलेट के अंदर टिश्यू पेपर पर ‘BOMB’ लिखा मिला था। सूचना के बाद विमान की जांच की गई और कोई विस्फोटक नहीं मिला। उस घटना के कारण उड़ान प्रभावित हुई थी और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।