Delhi Onion Prices: दिल्ली में प्याज की बढ़ती कीमतों से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। सरकार राजधानी में प्याज 35 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचने की तैयारी में है। यह मौजूदा औसत रिटेल कीमत से करीब 36 फीसदी कम है। दिल्ली के कई इलाकों में प्याज 70 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच चुका है, ऐसे में सरकार की योजना से लोगों को करीब आधी कीमत में प्याज मिल सकेगा।
नासिक से 800 टन प्याज दिल्ली पहुंचेगा
केंद्र सरकार महाराष्ट्र के प्रमुख उत्पादक क्षेत्र नासिक से प्याज का बफर स्टॉक दिल्ली भेज रही है। 800 टन प्याज की पहली खेप आज यानिकि बुधवार को ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए राजधानी दिल्ली पहुंचेगी। इस प्याज को नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के स्टोर पर 35 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जाएगा।
चार और शहरों में भेजा जा रहा प्याज
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि ‘कांदा एक्सप्रेस’ करीब 800 टन प्याज दिल्ली ला रही है। इसके अलावा खास रेलवे रैक के जरिए चेन्नई, एर्नाकुलम, मदुरै और गुवाहाटी में भी बड़ी मात्रा में प्याज पहुंचाया जा रहा है। इन शहरों के लिए भेजा जा रहा प्याज महाराष्ट्र के नासिक में रखे बफर स्टॉक का हिस्सा है।
Coming Soon: Kanda Express is bringing about 800 metric tons of onions to Delhi to be sold at Rs. 35/kg at NAFED, NCCF and Kendriye Bhandar stores.
Kanda Express will initially reach Chennai, Ernakulam, Madurai and Guwahati.#Consumeraffairs #JagoGrahakJago #KandaExpress pic.twitter.com/QSqKqXhCZq— Nidhi Khare (@inidhikhare) August 25, 2026
एक महीने में 28% बढ़े दाम
कीमतों में और तेजी रोकने के लिए बफर स्टॉक को बाजार में उतारा जा रहा है। उपभोक्ता मामलों के विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत 25 जुलाई के 34.80 रुपये प्रति किलो से बढ़कर 25 अगस्त को 44.72 रुपये प्रति किलो हो गई। यानी एक महीने में कीमत 28% से ज्यादा बढ़ी। एक साल पहले 25 अगस्त को यही कीमत 28.67 रुपये प्रति किलो थी, जिससे सालाना आधार पर करीब 56 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
दिल्ली की थोक मंडी में कीमतें दोगुनी
महाराष्ट्र में बारिश के कारण परिवहन और प्याज की आवक प्रभावित होने से दिल्ली की थोक मंडियों में कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। आजादपुर मंडी के एक व्यापारी के अनुसार, प्याज का थोक भाव पहले करीब 25 रुपये प्रति किलो था, जो अब बढ़कर लगभग 50 रुपये प्रति किलो हो गया है। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में बारिश के कारण दिल्ली तक आपूर्ति प्रभावित हुई और स्टॉक सीमित होने से कीमतों में उछाल आया।
दूसरे राज्यों से भी सीमित सप्लाई
संजय भगत के मुताबिक, व्यापारी अलवर और दक्षिणी राज्यों समेत वैकल्पिक इलाकों से भी प्याज दिल्ली ला रहे हैं, लेकिन वहां से आपूर्ति सीमित है क्योंकि व्यापारी नई फसल के आने का इंतजार कर रहे हैं। आजादपुर सब्जी मंडी के महासचिव अनिल ने भी कहा कि महाराष्ट्र से आवक में रुकावट के चलते दिल्ली में प्याज की सप्लाई पर दबाव बढ़ा है।
खुदरा बाजार में 60-70 रुपये किलो तक भाव
सदर बाजार के सब्जी व्यापारी टोनी सिंह ने बताया कि प्याज के दाम तेजी से बढ़े हैं और खुदरा बाजार में यह करीब 60-70 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। ऊंची कीमतों के कारण ग्राहक शिकायत कर रहे हैं और कई लोग खरीदारी भी कम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम परिवार के लिए प्याज की कीमत में मामूली बढ़ोतरी भी बजट पर असर डालती है।
दिल्ली में एक साल में 20 रुपये का उछाल
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 24 अगस्त को प्याज की अखिल भारतीय औसत खुदरा कीमत सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 43.53 रुपये प्रति किलो हो गई, जबकि एक साल पहले यह 27.37 रुपये प्रति किलो थी। दिल्ली में सोमवार को प्याज की औसत खुदरा कीमत 55 रुपये प्रति किलो रही, जबकि एक साल पहले यह 35 रुपये प्रति किलो थी।
Read More:

