स्वतंत्रता दिवस से पहले लखनऊ(Lucknow) की ऐशबाग ईदगाह में बच्चों के लिए खास तिरंगा प्रतियोगिता आयोजित की गई। ईदगाह में शिक्षा प्राप्त करने वाले छोटे बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इसमें हिस्सा लिया। बच्चों ने अपने हाथों से राष्ट्रीय ध्वज बनाया और इसके जरिए देश के प्रति सम्मान और प्रेम का संदेश दिया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बना।
कार्यक्रम में बच्चों को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि तिरंगा देश की पहचान और गौरव का प्रतीक है। इसके साथ ही बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और देश की आजादी के इतिहास से भी परिचित कराया गया। आयोजकों का मकसद बच्चों में बचपन से ही देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। उनका मानना है कि जब बच्चे खुद तिरंगा बनाते हैं, तो वे उसके महत्व को ज्यादा बेहतर तरीके से समझ पाते हैं।
प्रतियोगिता के विजेताओं को मिलेगा पुरस्कार
मौलाना खालिद रशीद फिरंगी महली ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों में देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले बच्चों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया जाएगा।
15 अगस्त को निकलेगी तिरंगा रैली
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर ऐशबाग ईदगाह से तिरंगा रैली भी निकाली जाएगी। इसके माध्यम से बच्चों और आम लोगों को देश की एकता, अखंडता और आजादी के महत्व का संदेश दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य बच्चों को देश के इतिहास से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।