हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी है। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच बीती रात से बारिश का सिलसिला जारी है। लगातार पानी बरसने के कारण मंडी-पठानकोट हाईवे(Mandi-Pathankot highway) पर उरला तालगहर के पास यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। नाले से बड़ी मात्रा में मिट्टी और गाद सड़क पर आ जाने के कारण वाहनों की आवाजाही लगभग रुक गई है। उरला तालगहर के पास तेज बारिश के चलते नाले में मिट्टी और गाद का बहाव बढ़ गया। इसका असर हाईवे के एक हिस्से पर पड़ा और सड़क पर काफी मलबा जमा हो गया।
बिना रुके हो रही बारिश
बारिश रुक नहीं रही है इसलिए नाले से लगातार मिट्टी आने का सिलसिला भी बना हुआ है। यही वजह है कि सड़क की सफाई में कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को सामान्य करने के लिए विभागीय मशीनरी मौके पर पहुंच चुकी है। मशीनों की मदद से सड़क से मिट्टी और गाद हटाने का काम लगातार किया जा रहा है। हालांकि, बारिश के बीच दोबारा मलबा आने से सड़क को पूरी तरह साफ करने में समय लग रहा है।
घंटों जाम में फंसे यात्री
हाईवे पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। बड़ी संख्या में वाहन और यात्री जाम में फंसे हैं। बारिश के बीच लंबे समय तक इंतजार करना लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
कुछ लोग सड़क पर जमा मिट्टी और गाद के बीच से पैदल ही आगे बढ़ते दिखाई दिए। फिलहाल यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। लगातार बारिश को देखते हुए लोगों को हाईवे पर सफर करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। विभागीय टीमें सड़क साफ कर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई हैं।