गाजियाबाद(Ghaziabad) के लोनी इलाके में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। गुलाब वाटिका मार्केट स्थित एक तीन मंजिला हार्डवेयर दुकान की पहली और दूसरी मंजिल की छत अचानक ढह गई। हादसे के वक्त दुकान के अंदर छह लोग मौजूद थे। इनमें से तीन लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे जबकि तीन अन्य मलबे में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं।
लोनी बॉर्डर थाने में तैनात दमकल वाहन के अलावा ट्रोनिका सिटी थाने से भी फायर टेंडर भेजा गया। शुरुआती रेस्क्यू में दो लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। उन्हें मामूली चोटें आई थीं और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया। तीसरा व्यक्ति मलबे में गहराई तक दबा हुआ था और उसकी हालत बेहोशी की थी। उसे निकालने के लिए दोनों तरफ की दीवारों को तोड़ा गया और जेसीबी की मदद से मलबा तथा दुकान का सामान हटाया गया।
डेढ़ घंटे बाद निकाला गया तीसरा व्यक्ति
करीब डेढ़ घंटे की लगातार कोशिश के बाद रेस्क्यू टीम ने तीसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसकी पहचान 32 वर्षीय मुकेश यादव के रूप में हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है।
NDRF ने भी संभाला मोर्चा
बाद में NDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने टाइप-2 लाइफ डिटेक्टर और डॉग स्क्वाड की सहायता से मलबे और आसपास के क्षेत्र की जांच की ताकि कोई अन्य व्यक्ति फंसा न रह जाए। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की असली वजह क्या थी इसकी जांच पुलिस कर रही है।