High Alert in Delhi: स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त से पहले दिल्ली में आतंकी खतरे को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर राजधानी दिल्ली के प्रमुख स्थलों, सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं। पुलिस का उद्देश्य आम लोगों को संदिग्धों की पहचान के प्रति सतर्क करना और किसी भी संभावित खतरे की सूचना समय पर हासिल करना है।
कई आतंकी संगठनों से जुड़े नाम
दिल्ली पुलिस की ओर से लगाए गए पोस्टरों में इंडियन मुजाहिदीन, अल-कायदा और अलग-अलग खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े संदिग्धों की तस्वीरें और जानकारी शामिल हैं। इनमें इंडियन मुजाहिदीन के रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं। अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान और सैयद मोहम्मद अर्शियान भी इस लिस्ट में हैं।
खालिस्तानी संगठनों के संदिग्ध की भी लिस्ट
मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों की लिस्ट में ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ के रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा के नाम शामिल हैं। ‘खालिस्तान टाइगर फोर्स’ से जुड़े अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला और ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ (BKI) से जुड़े हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा के नाम भी दिए गए हैं।
15 अगस्त और 26 जनवरी पर हाई अलर्ट
दिल्ली में हर साल 15 अगस्त और 26 जनवरी के आसपास आतंकी हमले के खतरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाती है। इसी एहतियाती व्यवस्था के तहत ऐसे वॉन्टेड आतंकियों की लिस्ट सार्वजनिक की जाती है, ताकि आम नागरिक भी सतर्क रहें और किसी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान होने पर पुलिस को तुरंत जानकारी दे सकें।
सूचना देने वालों से पुलिस की अपील
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि लिस्ट में शामिल किसी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलने या उसे कहीं देखने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पोस्टरों में पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 112 और विशेष प्रकोष्ठ के संपर्क नंबर भी दिए गए हैं।
सही सूचना पर मिलेगा इनाम
पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों से संबंधित सही और उपयोगी जानकारी देने वाले व्यक्ति को उचित इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखने की बात भी दिल्ली पुलिस ने कही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर वे आसपास की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध स्थिति की सूचना तुरंत दें।
Read More:

