Meeting between Punjab CM Mann and Army Chief: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ के बीच चंडीगढ़ में अहम मुलाकात हुई। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ पंजाब से जुड़े सैन्य मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पंजाब सरकार देश की सुरक्षा के लिए भारतीय सेना के साथ मजबूत सहयोग स्थापित करेगी।
सीमा पार तस्करी रोकने पर जोर
बैठक में पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से होने वाली सीमा पार तस्करी को रोकने के लिए एंटी-ड्रोन उपायों को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की पाकिस्तान के साथ 532 किलोमीटर लंबी संवेदनशील सीमा है। ऐसे में ड्रोन से होने वाली तस्करी पर प्रभावी रोक के लिए एंटी-ड्रोन तकनीक के साथ कम ऊंचाई वाले इंटरसेप्टिव रडार समय की प्रमुख आवश्यकता हैं।
पंजाब ने बनाई अपनी एंटी-ड्रोन तकनीक
सीएम मान ने बताया कि पंजाब देश का पहला राज्य है जिसने अपनी खुद की एंटी-ड्रोन तकनीक स्थापित की है। उन्होंने पंजाब पुलिस के प्रयासों को और मजबूत करने के लिए थल सेना प्रमुख से सहयोग की मांग की। मुख्यमंत्री के अनुसार, पंजाब पुलिस सुरक्षा की दूसरी पंक्ति के रूप में लगातार अहम भूमिका निभा रही है।
X पर CM मान ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुलाकात की जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर साझा की। उन्होंने लिखा कि बैठक के दौरान देश की सुरक्षा और पंजाब से संबंधित सैन्य मामलों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने देश की रक्षा करने वाले सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
ਅੱਜ ਚੰਡੀਗੜ੍ਹ ਵਿਖੇ ਭਾਰਤ ਦੇ 31ਵੇਂ ਥਲ ਸੈਨਾ ਮੁਖੀ (COAS) ਜਨਰਲ ਧੀਰਜ ਸੇਠ ਜੀ ਨਾਲ ਇੱਕ ਅਹਿਮ ਮੁਲਾਕਾਤ ਹੋਈ…
ਇਸ ਮੀਟਿੰਗ ਦੌਰਾਨ ਦੇਸ਼ ਦੀ ਸੁਰੱਖਿਆ ਅਤੇ ਪੰਜਾਬ ਨਾਲ ਜੁੜੇ ਫੌਜੀ ਮਾਮਲਿਆਂ 'ਤੇ ਸਾਰਥਕ ਚਰਚਾ ਕੀਤੀ ਗਈ…
ਦੇਸ਼ ਦੀ ਰਾਖੀ ਕਰਨ ਵਾਲੇ ਸਾਡੇ ਬਹਾਦਰ ਜਵਾਨਾਂ ਅਤੇ ਸਾਬਕਾ ਫੌਜੀਆਂ ਦੀ ਭਲਾਈ ਲਈ ਸਾਡੀ ਸਰਕਾਰ ਪੂਰੀ ਤਰ੍ਹਾਂ… pic.twitter.com/kRQEeM73GT— Bhagwant Mann (@BhagwantMann) August 10, 2026
सेना में पंजाबियों की भर्ती पर जोर
CM मान ने कहा कि पंजाबी हमेशा देश की सीमाओं की रक्षा में अग्रणी रहे हैं। राज्य सरकार सशस्त्र बलों में पंजाबियों की भर्ती बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने ‘माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट फॉर गर्ल्स’, ‘महाराजा रणजीत सिंह आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट’ और सी-पाइट केंद्रों के नेटवर्क को इस दिशा में अहम बताया।
पूर्व सैनिकों के रोजगार का मुद्दा
मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के कल्याण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उन पूर्व सैनिकों को रोजगार दे रही है, जिन्हें PESCO (पंजाब एक्स-सर्विसमैन कॉरपोरेशन) के माध्यम से रोजगार मिला है और जो लोगों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
सीमावर्ती समारोह और सेना को जमीन
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वाघा, हुसैनीवाला और सादकी सीमा पर होने वाले रिट्रीट समारोह दुनियाभर से बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार रूपनगर में अपनी 200 एकड़ जमीन पहले ही भारतीय सेना को दे चुकी है, जिसका इस्तेमाल रक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए किया जा सकता है।
2025 की बाढ़ में सेना के सहयोग का जिक्र
सीएम मान ने 2025 में आई बाढ़ के दौरान पंजाब के लोगों की मदद करने के लिए भारतीय सेना का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देश की रक्षा करने वाले बहादुर सैनिकों और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Read More:

