पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद एक बार फिर अंदरूनी राजनीति तेज होती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के मोरिंडा स्थित आवास पर शुक्रवार को बड़ी संख्या में उनके समर्थक और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता पहुंचे। इस बैठक को पार्टी के भीतर चन्नी के बढ़ते समर्थन के प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग हुई तेज
इस बैठक में शामिल कई पूर्व विधायकों और नेताओं ने खुलकर कहा कि अगर कांग्रेस को 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन करना है, तो प्रदेश संगठन की कमान चरणजीत सिंह चन्नी को सौंपी जानी चाहिए। उनका तर्क था कि चन्नी की लोकप्रियता और जनसंपर्क क्षमता पार्टी के लिए चुनावी तौर पर फायदेमंद साबित हो सकती है।
चरणजीत सिंह चन्नी की नाराजगी की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष का पद नहीं मिलने से चरणजीत सिंह चन्नी संतुष्ट नहीं हैं। हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन समर्थकों का मानना है कि उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलनी चाहिए थी। यही वजह रही कि उनके आवास पर जुटे नेताओं ने खुलकर उनके पक्ष में आवाज उठाई।
कई वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
इस बैठक में कांग्रेस के कई अनुभवी चेहरे शामिल हुए। इनमें पूर्व उपमुख्यमंत्री ओ.पी. सोनी, पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, गुरप्रीत सिंह कांगड़, पूर्व सांसद मोहम्मद सादिक, विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और कई पूर्व विधायक मौजूद रहे। नेताओं ने पार्टी नेतृत्व से संगठन में बदलाव पर पुनर्विचार करने की अपील की है।
Read More

